आत्मानंद स्कूल भर्ती 2026: 1812 पदों का विज्ञापन जारी, अक्टूबर में परीक्षा

रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर है। स्कूल शिक्षा विभाग (DPI) ने शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों पर 1812 भर्ती का संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। इस भर्ती में सबसे बड़ा बदलाव चयन प्रक्रिया को लेकर किया गया है। अब अभ्यर्थियों का चयन केवल मेरिट या प्राप्त अंकों के आधार पर सीधे नियुक्ति के जरिए नहीं होगा, बल्कि लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।
1812 पदों पर होगी भर्ती
विभाग की ओर से जारी संक्षिप्त विज्ञापन के मुताबिक स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालयों में कुल 1812 शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें सबसे अधिक 590 पद सहायक शिक्षक के हैं। इसके अलावा व्याख्याता और शिक्षक समेत अन्य पद भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किए गए हैं।
चयन प्रक्रिया में हुआ बड़ा बदलाव
इस बार आत्मानंद स्कूल भर्ती में चयन प्रक्रिया पहले की तुलना में अलग होगी। मेरिट अथवा अंकों के आधार पर सीधी नियुक्ति की व्यवस्था को समाप्त कर दिया गया है। सभी पदों के लिए अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में शामिल होना होगा। परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर चयन प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
सितंबर में आएगा विस्तृत विज्ञापन
DPI की ओर से जारी संक्षिप्त विज्ञापन के बाद अब अभ्यर्थियों को विस्तृत भर्ती विज्ञापन का इंतजार है। विभाग के अनुसार सितंबर 2026 में विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा। इसमें आवेदन की शुरुआत और अंतिम तिथि, पदवार शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पैटर्न और पाठ्यक्रम समेत अन्य जरूरी जानकारी दी जाएगी।
अक्टूबर में प्रस्तावित लिखित परीक्षा
स्वामी आत्मानंद स्कूलों की 1812 पदों की भर्ती के लिए लिखित परीक्षा अक्टूबर 2026 में आयोजित किए जाने की तैयारी है। हालांकि परीक्षा की सटीक तारीख और अन्य विस्तृत जानकारी आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
अभ्यर्थियों को करना होगा विस्तृत विज्ञापन का इंतजार
भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को फिलहाल विभाग के विस्तृत विज्ञापन का इंतजार करना होगा। विस्तृत विज्ञापन जारी होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया, पदवार योग्यता, परीक्षा पाठ्यक्रम और अन्य नियमों की पूरी जानकारी सामने आएगी। अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे विभाग की आधिकारिक सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।




