Governmentछत्तीसगढ़देश-दुनिया

BOCW National Conference: निर्माण श्रमिकों के हित में देशभर के राज्यों ने साझा किए अनुभव

रायपुर। भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकारों (BOCW) के कल्याण, सामाजिक सुरक्षा और श्रमिक हितों को मजबूत करने के उद्देश्य से मुंबई में दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन (National Conference on BOCW) का आयोजन किया जा रहा है। 11 और 12 सितंबर 2026 को आयोजित इस सम्मेलन में देशभर के निर्माण श्रमिकों के सुरक्षित, सम्मानजनक और बेहतर भविष्य को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।

सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे, मध्यप्रदेश के श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल और छत्तीसगढ़ के श्रम सचिव हिम शिखर गुप्ता सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए।

छत्तीसगढ़ ने साझा किए श्रमिक कल्याण के अनुभव

राष्ट्रीय सम्मेलन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह और मंडल सचिव गिरीश रामटेके ने किया। सम्मेलन के दौरान छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों द्वारा निर्माण श्रमिकों के हित में संचालित कल्याणकारी योजनाओं और अपनाई गई श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों की जानकारी साझा की गई।

इसके साथ ही श्रमिक कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे नए नवाचारों और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विचार-विमर्श किया गया। राज्यों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने अनुभव साझा करते हुए निर्माण श्रमिकों तक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने की रणनीतियों पर चर्चा की।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की पहुंच बढ़ाने पर जोर

सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य निर्माण श्रमिकों के लिए उपलब्ध सामाजिक सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाना है। बैठक में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, श्रमिकों तक समय पर लाभ पहुंचाने और भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित यह सम्मेलन देश के निर्माण श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button