छत्तीसगढ़

बैगलेस डे पर स्कूलों में बच्चों ने सीखा स्वच्छता और जीवन कौशल, खेल-कला गतिविधियों में दिखाया उत्साह

रायपुर। बैगलेस डे के अवसर पर सूरजपुर जिले के शासकीय विद्यालयों में शनिवार को बच्चों के लिए पढ़ाई से अलग स्वच्छता, खेलकूद, कला और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। जनभागीदारी के साथ आयोजित इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यावहारिक जीवन कौशल सीखा।

कलेक्टर रेना जमील और जिला पंचायत सीईओ के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में जिले के सभी शासकीय विद्यालयों में बैगलेस डे मनाया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, पालकों और स्थानीय समुदाय ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।

स्वच्छता अभियान में बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

बैगलेस डे के तहत विद्यालय परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। विद्यार्थियों ने गाजर घास उन्मूलन, स्कूल परिसर और शौचालयों की सफाई, पाउच-पन्नी का सुरक्षित निस्तारण तथा पेयजल स्रोतों की स्वच्छता जैसे कार्य किए।

इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने स्वच्छ और सुंदर विद्यालय के निर्माण में अपनी भूमिका को भी समझा।

पेपर क्राफ्ट और बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट ने बढ़ाई रचनात्मकता

बच्चों की कल्पनाशीलता और सृजनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के लिए कई रोचक गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने ‘पेड़ बोल सकते तो क्या कहते’ विषय पर कल्पनात्मक निबंध लिखे।

पेपर क्राफ्ट के तहत बच्चों ने कागज को मोड़ने और काटने की तकनीक से नाव, हवाई जहाज, तितली और मेंढक जैसी आकर्षक आकृतियां तैयार कीं। वहीं बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट गतिविधि में अनुपयोगी सामग्री से उपयोगी और कलात्मक वस्तुएं बनाई गईं। बच्चों ने कागज से ग्रीटिंग कार्ड सहित कई रचनात्मक सामग्री तैयार की।

न्योता भोजन में बच्चों ने लिया उत्साहपूर्वक हिस्सा

बैगलेस डे के अवसर पर विद्यालयों में समुदाय आधारित न्योता भोजन का भी आयोजन किया गया। माध्यमिक शाला कन्या रामानुजनगर में स्थानीय व्यवसायी श्रवण कुमार गुप्ता ने अपने जन्मदिन के अवसर पर संकुल समन्वयक जयप्रकाश बरेठा के साथ मिलकर बच्चों को न्योता भोजन कराया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

वहीं भैयाथान विकासखंड के प्राथमिक शाला शिवप्रसाद नगर में समुदाय के सहयोग से विद्यार्थियों को कॉपियां वितरित की गईं। इस दौरान विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।

अधिकारियों ने किया गतिविधियों का निरीक्षण

बैगलेस डे के तहत आयोजित गतिविधियों की मॉनिटरिंग एडी शिक्षा, एडीपीओ समग्र, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बीआरसीसी, संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयकों ने की। अधिकारियों ने विभिन्न विद्यालयों का दौरा कर गतिविधियों का अवलोकन किया और बच्चों व शिक्षकों का मार्गदर्शन किया।

बैगलेस डे के माध्यम से विद्यार्थियों को पारंपरिक पढ़ाई से अलग खेल, कला, स्वच्छता, चर्चा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नेतृत्व क्षमता, सहयोग, सामाजिक उत्तरदायित्व और व्यावहारिक जीवन कौशल विकसित करने का प्रयास किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button