छत्तीसगढ़

70 साल के LIC एजेंट की हत्या से सनसनी, दामाद समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के रसूलपुर इलाके में घर में घुसकर 70 वर्षीय एलआईसी एजेंट बशीरुद्दीन सिद्दीकी की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मृतक के दामाद नाजिम सबा समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि बशीरुद्दीन की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इसमें 10 हजार रुपये एडवांस के तौर पर दिए गए थे।

तलाक का केस वापस नहीं लेने पर हत्या की साजिश

पुलिस के मुताबिक, चाकू से किए गए हमले में गंभीर रूप से घायल बशीरुद्दीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मौत के बाद मामले में हत्या की धारा भी जोड़ी गई।

जांच के दौरान मृतक की बेटी सादिया शारीन सिद्दीकी ने पुलिस को बताया कि उसका पति नाजिम सबा के साथ कोर्ट में तलाक का मामला चल रहा है। आरोप है कि पूर्व में नाजिम ने मायके पक्ष के लोगों को तलाक का केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस जांच में इसी विवाद को हत्या की साजिश से जोड़कर देखा गया।

दामाद ने दी थी 5 लाख रुपये की सुपारी

पुलिस की जांच में कथित तौर पर सामने आया कि नाजिम सबा ने अपने ससुर बशीरुद्दीन की हत्या के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस के अनुसार, उसने चेनपुर, पलामू निवासी कंचन कुमार और अन्य आरोपियों को अंबिकापुर बुलाया तथा उनके ठहरने की व्यवस्था भी की।

किराए का मकान देखने के बहाने पहुंचे आरोपी

पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को हत्या की पूरी योजना बनाई गई। इसके बाद कंचन कुमार और दो अन्य आरोपी हथियारों से लैस होकर बाइक से बशीरुद्दीन के घर पहुंचे। आरोपी कथित तौर पर किराए का मकान देखने के बहाने घर में दाखिल हुए।

कुछ देर बाद आरोपियों ने बशीरुद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपियों ने घटनास्थल के पास बाइक छिपाई और वहां से फरार हो गए।

बाइक, खून से सना कपड़ा और बस टिकट जब्त

पुलिस ने आरोपी कंचन कुमार की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बाइक, खून से सना कपड़ा और बस टिकट बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button