छत्तीसगढ़

Korba News: हत्या की खौफनाक वारदात, लिव-इन पार्टनर को मौत के घाट उतार सेप्टिक टैंक में डाला शव

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव में एक युवक पर अपनी लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का आरोप है। महिला के रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंचने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, जिसके दौरान सेप्टिक टैंक से शव बरामद हुआ। घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मारपीट के बाद महिला की मौत का आरोप

जानकारी के मुताबिक, 33 वर्षीय संतोषी आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। बताया जा रहा है कि मनोज नशे का आदी था। 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोपी ने संतोषी के साथ मारपीट की। आरोप है कि गंभीर चोटों के कारण संतोषी की मौत हो गई।

महिला की मौत के बाद आरोपी ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में डालकर छिपा दिया। इसके बाद वह संतोषी के भाइयों को भी लगातार गुमराह करता रहा।

रक्षाबंधन पर मायके नहीं पहुंची संतोषी

रक्षाबंधन के मौके पर जब संतोषी अपने मायके नहीं पहुंची, तो उसके भाइयों को संदेह हुआ। उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला और वहां से तेज बदबू आने पर परिजनों ने टैंक की जांच की।

जांच के दौरान सेप्टिक टैंक के अंदर संतोषी का शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में निकाला गया शव

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक से महिला का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पुष्टि होने की उम्मीद है।

5 सितंबर से फरार है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी मनोज उरांव 5 सितंबर से फरार है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद हत्या की परिस्थितियों को लेकर पूछताछ की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button