ताज़ा खबरें

जशपुर में खुला हेलमेट बैंक, मुख्यमंत्री साय ने किया शुभारंभ; 1000 हेलमेट से मिलेगी मदद

सड़क सुरक्षा के लिए जशपुर पुलिस की अनूठी पहल, जरूरत पड़ने पर अस्थायी रूप से मिलेगा हेलमेट; बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के लिए भी चल रहा विशेष अभियान

रायपुर, 4 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने और दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने जशपुर पुलिस ने अभिनव पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जशपुर पुलिस लाइन में पुलिस द्वारा स्थापित हेलमेट बैंक का शुभारंभ किया। इस हेलमेट बैंक में 1000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। अब जरूरत पड़ने पर ऐसे दोपहिया वाहन चालकों को अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा, जिनके पास किसी कारणवश हेलमेट उपलब्ध नहीं है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन में यात्रा करते समय सीट बेल्ट का उपयोग करें।

एक छोटी सावधानी बचा सकती है अनमोल जिंदगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अनेक लोगों की जान चली जाती है। हेलमेट का नियमित उपयोग ऐसी दुर्घटनाओं में गंभीर चोट और मृत्यु के जोखिम को काफी हद तक कम कर सकता है। उन्होंने कहा कि एक छोटी सी सावधानी न केवल हमारा जीवन सुरक्षित रख सकती है, बल्कि हमारे परिवार को भी अपूरणीय क्षति से बचा सकती है। इसलिए सड़क सुरक्षा को प्रत्येक नागरिक को अपनी दैनिक आदत का हिस्सा बनाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि जशपुर पुलिस का हेलमेट बैंक जिले में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस पहल से जरूरतमंद लोगों को व्यावहारिक सहायता मिलने के साथ ही यातायात नियमों के पालन के लिए भी प्रोत्साहन मिलेगा।

कैसे काम करेगा हेलमेट बैंक?

जशपुर पुलिस द्वारा शुरू किए गए हेलमेट बैंक की खासियत यह है कि किसी जरूरी काम से अचानक घर से निकलने वाले ऐसे नागरिक, जिनके पास हेलमेट उपलब्ध नहीं है या तत्काल हेलमेट खरीदने की आर्थिक सुविधा नहीं है, उन्हें अस्थायी रूप से हेलमेट दिया जाएगा।

नागरिक अपना जरूरी काम पूरा करने के बाद स्वयं का हेलमेट लेकर आएंगे और पुलिस द्वारा उपलब्ध कराया गया हेलमेट बैंक में वापस जमा करेंगे। इसके साथ ही उन्हें सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़े एक छोटे से सेवा कार्य में पुलिस का सहयोग भी करना होगा।

बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर भी विशेष अभियान

जशपुर पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान भी चला रही है। इसके तहत बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के वाहन जब्त किए जा रहे हैं। नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद प्रस्तुत करने पर बिना चालान काटे वाहन छोड़ा जा रहा है।

पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि नागरिकों में हेलमेट के नियमित उपयोग की आदत विकसित करना है। जशपुर पुलिस ने जिले में दोपहिया वाहन से यात्रा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया है।

‘हर सिर पर हेलमेट, सुरक्षित आप, सुरक्षित परिवार’ के संदेश के साथ शुरू की गई यह पहल सड़क सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास है।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

हेलमेट बैंक के शुभारंभ अवसर पर रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया और कृष्णा राय उपस्थित रहे।

इसके अलावा सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, सरगुजा पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button