छत्तीसगढ़प्रशासनिक

CM साय और डॉ. रमन सिंह की मौजूदगी में नवा रायपुर में होगा तीज मिलन उत्सव

रायपुर, 21 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक-संस्कृति, पारंपरिक तिहारों और सामाजिक समरसता की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नवा रायपुर में भव्य ‘तीज मिलन उत्सव’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 22 सितंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में होगा।

कार्यक्रम की मेजबानी राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा करेंगे। तीज मिलन उत्सव में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह अपनी धर्मपत्नी वीणा सिंह तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ विशेष रूप से शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

छत्तीसगढ़िया संस्कृति और परंपराओं का दिखेगा रंग

आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, लोक परंपराओं और तिहारों की विरासत को सहेजना और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोक-संस्कृति, पारंपरिक व्यंजन और तीजा पर्व से जुड़े आत्मीय अनुष्ठानों की झलक देखने को मिलेगी।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि वे भाईचारे, प्रेम और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। तीज मिलन उत्सव के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध परंपराओं और छत्तीसगढ़िया संस्कृति की मिठास को साझा करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में मदद मिलेगी। तीज मिलन उत्सव में पारंपरिक खान-पान और लोक-संस्कृति के साथ तीजा पर्व की आत्मीयता और उत्सवधर्मिता का संगम देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button