छत्तीसगढ़राजनीतिक

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का बड़ा हमला, बोले- परिवार और समाज को बांट रही कांग्रेस

रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में उस वक्त हलचल तेज हो गई, जब कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब के बड़े भाई ढाल दास ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। उनके कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कांग्रेस के इस कदम पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस परिवार और समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।

कांग्रेस पर ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति का आरोप

मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि कांग्रेस की नीति हमेशा से ‘फूट डालो और राज करो’ की रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोगों को आपस में लड़ाने का काम कर रही है और परिवार, समाज तथा धर्म के नाम पर विभाजन पैदा करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वे और उनके साथ जुड़े लोग राष्ट्र प्रथम और देश प्रथम की विचारधारा के साथ आगे बढ़ रहे हैं। उनका लक्ष्य छत्तीसगढ़ को विकसित प्रदेश बनाना है।

कांग्रेस में अंदरूनी कलह का दावा

पीसीसी चीफ दीपक बैज के कांग्रेस में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों को लेकर दिए गए बयान पर भी मंत्री खुशवंत साहेब ने निशाना साधा। उन्होंने इसे कांग्रेस का अंदरूनी मामला बताते हुए कहा कि पार्टी के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है और आपसी कलह साफ दिखाई दे रही है।

मंत्री ने दावा किया कि जनता पहले ही कांग्रेस को सत्ता से बाहर कर चुकी है और पार्टी चाहे जितने प्रयास कर ले, उसका जनता का विश्वास हासिल करना मुश्किल है।

प्रशिक्षण शिविर पर भी साधा निशाना

कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर को लेकर भी मंत्री खुशवंत साहेब ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि केवल प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने से कुछ नहीं होने वाला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के स्तर पर जमीनी काम के बजाय पैसे और भ्रष्टाचार का खेल चलता है।

निष्कासित नेताओं की वापसी पर कांग्रेस को घेरा

कांग्रेस में 20 निष्कासित नेताओं की वापसी के मुद्दे पर भी मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले नेताओं के खिलाफ निष्कासन पत्र जारी करती है और बाद में उन्हें वापस पार्टी में शामिल कर लेती है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में होने वाले अपराधों के मामलों में कांग्रेस का नाम सामने आता है। मंत्री के इन बयानों के बाद गुरु खुशवंत साहेब के भाई के कांग्रेस में शामिल होने का मामला छत्तीसगढ़ की सियासत में चर्चा का विषय बन गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button