
रायपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत रायगढ़ में विकास कार्यों को गति देने के लिए सोमवार को संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के कुल 126.92 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी दिल्ली से वर्चुअली शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को पूर्ण हो चुके आवासों की प्रतीकात्मक चाबी भी सौंपी गई। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायगढ़ शहर के विकास के लिए चार अतिरिक्त बड़े कार्यों की घोषणा भी की।

इन चार कार्यों की हुई घोषणा
उप मुख्यमंत्री ने संजय मार्केट के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 15.67 करोड़ रुपए, रामलीला मैदान के विकास, मंच एवं पवेलियन निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए, तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 4.99 करोड़ रुपए और केवड़ाबाड़ी से मरीन ड्राइव तक सनलाईजेशन कार्य के लिए 9.97 करोड़ रुपए की घोषणा की।
अरुण साव ने कहा कि रायगढ़ नगर निगम की ओर से करीब 10 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सूची उन्हें दी गई है। इन कार्यों को जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होगी और शहर की जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सड़क, नाली और नागरिक सुविधाओं पर फोकस
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि रायगढ़ में सड़क, नाली, जल निकासी, बाजार, खेल और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रायगढ़ औद्योगिक गतिविधियों के साथ अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए भी जाना जाता है। विकास कार्यों के माध्यम से शहर को बेहतर सुविधाओं से लैस करते हुए विकसित और सुव्यवस्थित शहर के रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने निर्माण एजेंसियों को विकास कार्यों में तेजी लाने और निर्माण की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
नगर निगम को 384.66 करोड़ और PWD को 1426 करोड़ की स्वीकृति
वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने वर्चुअली संबोधित करते हुए बताया कि पिछले ढाई वर्षों में रायगढ़ नगर निगम को विभिन्न योजनाओं के तहत 384.66 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है। वहीं लोक निर्माण विभाग के माध्यम से जिले में सड़क, भवन और पुल सहित विभिन्न कार्यों के लिए 1426 करोड़ रुपए की स्वीकृति का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि रायगढ़ रिंग रोड के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। रायगढ़-घरघोड़ा फोरलेन और पूंजीपथरा-तमनार फोरलेन की दिशा में भी कार्य आगे बढ़ रहा है। इसके अलावा तमनार-उरगा-लैलूंगा, तमनार बाईपास, कया-कमतरा-चरखापारा-ससकोबा-बंधनपुर और कोड़ातराई-पुसौर फोरलेन सहित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का भी उल्लेख किया।

स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और वर्किंग वूमेन हॉस्टल का भी उल्लेख
ओपी चौधरी ने रायगढ़ में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, संगीत महाविद्यालय भवन और वर्किंग वूमेन हॉस्टल जैसे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ की अधोसंरचना को उसकी औद्योगिक पहचान के अनुरूप मजबूत किया जा रहा है।
कार्यक्रम को लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह और महापौर जीवर्धन चौहान ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल, सभापति डिग्री लाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, नगर निगम के पार्षदगण और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।




