Raipur News: Domino’s Outlet में एक ही ओवन में बन रहा था वेज-नॉनवेज पिज्जा, शिकायत के बाद मचा हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित Domino’s Pizza के एक आउटलेट में वेज और नॉनवेज पिज्जा को एक ही ओवन में तैयार किए जाने का मामला सामने आया है। ग्राहक ने आरोप लगाया है कि दोनों प्रकार के पिज्जा के बीच ओवन में किसी ठोस सेपरेशन या पार्टीशन की व्यवस्था नहीं थी। शिकायत सामने आने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मामले की जांच करने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक, भाठागांव निवासी मृणाल पाण्डेय अपनी पत्नी के साथ डोमिनोज आउटलेट पहुंचे थे। उन्होंने वहां बड़ी कॉम्बो पिज्जा और मिनी कोक का ऑर्डर किया। ऑर्डर देने के बाद जब उन्होंने पिज्जा तैयार किए जाने की प्रक्रिया देखी, तो उन्हें ओवन के भीतर वेज और नॉनवेज पिज्जा एक साथ बेक होते दिखाई दिए। ग्राहक का आरोप है कि दोनों के लिए अलग-अलग व्यवस्था या पर्याप्त विभाजन मौजूद नहीं था।

ग्राहक ने बनाया ओवन का वीडियो
मामले से नाराज मृणाल पाण्डेय ने मौके पर ओवन का वीडियो बना लिया और कर्मचारियों के सामने आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने अपने ऑर्डर के करीब 500 रुपये वापस करने की मांग की, लेकिन कर्मचारियों ने पिज्जा तैयार हो जाने का हवाला देते हुए राशि लौटाने से इनकार कर दिया।
इसके बाद ग्राहक ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए ओवन का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने अपनी शिकायत में Domino’s India, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और खाद्य विभाग को टैग किया। साथ ही डोमिनोज के हेड ऑफिस को ई-मेल के जरिए भी शिकायत भेजी, लेकिन ग्राहक के मुताबिक उन्हें कंपनी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
कई आउटलेट्स पर ऐसी व्यवस्था होने का आरोप
ग्राहक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि रायपुर शहर के कई डोमिनोज आउटलेट्स पर इसी तरह वेज और नॉनवेज पिज्जा तैयार किए जा रहे हैं। उनका कहना है कि शाकाहारी ग्राहकों को यह जानने का अधिकार होना चाहिए कि उनका भोजन किस तरह के वातावरण और किन खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत तैयार किया जा रहा है।
शिकायत में आउटलेट्स की ऑनलाइन और ऑफलाइन सर्विस को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्राहक ने खाद्य पदार्थ तैयार करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता और शाकाहारी ग्राहकों की भावनाओं का ध्यान रखने की मांग की है।
खाद्य विभाग की टीम करेगी निरीक्षण
मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर के खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जांच की बात कही है। विभाग के अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता के अनुसार, एक ही ओवन में वेज और नॉनवेज पिज्जा तैयार किए जाने संबंधी शिकायत विभाग को मिली है।
उन्होंने बताया कि विभाग की विशेष टीम जल्द ही संबंधित आउटलेट का निरीक्षण करेगी। टीम द्वारा आउटलेट की रसोई, ओवन की व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की जाएगी। जांच में शिकायत सही पाए जाने और नियमों में गंभीर लापरवाही सामने आने पर संबंधित आउटलेट के खिलाफ नियमानुसार कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सकती है।
फिलहाल मामले में खाद्य विभाग की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आउटलेट में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन हुआ है या नहीं।


