
रायपुर। छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से मिली शिकायत पर खनिज विभाग ने कार्रवाई की है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध रेत परिवहन के मामले में विभाग की टीम ने 4 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनसमस्याओं के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में सीएम हेल्पलाइन पर अवैध रेत परिवहन से संबंधित शिकायत प्राप्त होने के बाद खनिज विभाग ने तत्काल जांच शुरू की।
कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने कोलबिर्रा, पथर्रा और मटियाडाड़ क्षेत्र में जांच एवं कार्रवाई की। जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन में संलिप्त पाए गए चार ट्रैक्टर वाहनों को जब्त कर लिया गया।
सभी जब्त वाहनों को कोटमी चौकी में सुरक्षित रखा गया है। विभाग के अनुसार, संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
खनिज विभाग ने बताया कि जिले में अवैध खनन और रेत परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। शिकायत मिलने पर संबंधित क्षेत्रों में जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से हुई इस कार्रवाई से यह भी सामने आया है कि नागरिकों द्वारा दर्ज शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके निराकरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन द्वारा अवैध खनन और खनिज संसाधनों के अवैध परिवहन पर नियंत्रण के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।



