छत्तीसगढ़ताज़ा खबरें

छत्तीसगढ़ में वाहन जांच अभियान तेज, दो दिनों में 364 वाहनों पर कार्रवाई; 5 जब्त, 19 के परमिट होंगे निरस्त

रायपुर, 25 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने प्रदेशभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया है। 24 और 25 अक्टूबर को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 364 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 4 लाख 81 हजार 300 रुपये समन शुल्क वसूला गया। गंभीर उल्लंघन के मामलों में 5 वाहन जब्त किए गए, जबकि 19 वाहनों के परमिट निरस्त करने के लिए प्रकरण तैयार किए गए हैं।

परिवहन विभाग के अनुसार, परमिट निरस्तीकरण के लिए तैयार किए गए 19 मामलों में से 17 मामले रायपुर जिले के हैं। यह कार्रवाई परिवहन आयुक्त एस. प्रकाश और अतिरिक्त परिवहन आयुक्त डी. रविशंकर के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिला परिवहन कार्यालयों द्वारा की गई।

बिना परमिट और फिटनेस के चल रहे वाहन मिले

विशेष जांच अभियान के दौरान बिना परमिट के संचालित 12 वाहन पाए गए। वहीं, 10 वाहन बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के चलते मिले। इसके अलावा 3 वाहनों के पास वैध बीमा नहीं था, जबकि 27 वाहन बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के संचालित होते पाए गए।

इन मामलों के अलावा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन से जुड़े 312 प्रकरणों में भी कार्रवाई की गई। इस तरह दो दिनों में कुल 364 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रदेशभर में वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। विभाग ने वाहन मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय सभी आवश्यक दस्तावेज अपने पास रखें।

वाहनों के वैध परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र की वैधता सुनिश्चित करना जरूरी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button