छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंप्रशासनिकवायरल खबरें

मिशन-2028 के लिए भाजपा ने तेज की तैयारी, स्मृति ईरानी ने कार्यकर्ताओं को दिया बूथ मजबूत करने का मंत्र

रायपुर। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने कहा है कि पार्टी की रीति-नीति सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। भाजपा शुचिता, सादगी और मूल्यों की राजनीति करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

स्मृति ईरानी रविवार को रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर के भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा निगम, मंडल और आयोग के अध्यक्षों की अलग-अलग चरणों में आयोजित बैठकों को संबोधित कर रही थीं।

मिशन-2028 के लिए संगठन को मजबूत करने पर जोर

भाजपा प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यक्रम का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर शत-प्रतिशत दिखाई देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा का निष्ठावान कार्यकर्ता ‘मिशन-2028’ के संकल्प को पूरा करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पार्टी आगामी समय में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

उन्होंने कहा कि ‘मिशन-2028’ केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन की पुनर्प्रतिष्ठा का संकल्प है। पार्टी के पितृ-पुरुषों के त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को आदर्श मानते हुए बूथ स्तर तक संगठन को अभेद्य बनाने की जरूरत है।

ईरानी ने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों से नहीं जीते जाते, बल्कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम, जनता से आत्मीय जुड़ाव और संगठन के मजबूत तंत्र के बल पर जीत हासिल होती है।

सादगीपूर्ण स्वागत से दिया राजनीतिक संदेश

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के रायपुर पहुंचने पर पार्टी की ओर से सादगीपूर्ण स्वागत किया गया। बड़े-बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के अनावश्यक प्रदर्शन से बचते हुए पार्टी के ध्वजों के माध्यम से दोनों नेताओं का स्वागत किया गया। इसे शुचिता, सादगी और अनुशासित राजनीतिक संस्कृति के उदाहरण के रूप में प्रस्तुत किया गया।

‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता को नमन

भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर स्मृति ईरानी ने सबसे पहले परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की और उन्हें नमन किया।

बैठकों में आगामी रणनीति पर मंथन

स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने के साथ हुई। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री (संगठन) और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा हुई।

दोपहर 12:30 से 1:30 बजे तक प्रदेश पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा की गई और आगामी रणनीति को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। इसके बाद दोपहर 1:30 से 2:30 बजे तक संभाग प्रभारियों, सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और जिला अध्यक्षों की संयुक्त बैठक आयोजित हुई।

दोपहर 3:30 से शाम 5 बजे तक पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। शाम 5:30 से 7 बजे तक पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हुई। वहीं, शाम 7 से रात 8:30 बजे तक निगम, मंडल और आयोग के अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी लक्ष्यों और रणनीति पर चर्चा की गई।

ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button