छत्तीसगढ़

CG News: सारंगढ़-बिलाईगढ़ में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, 5 वाहन जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को जब्त किया है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर मंगलवार को सारसीवां और भटगांव तहसील क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अवैध रूप से रेत और चूनापत्थर का परिवहन करते हुए दो हाइवा और तीन ट्रैक्टर पकड़े गए।

सारसीवां और भटगांव में खनिज विभाग की कार्रवाई

खनिज विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान सारसीवां क्षेत्र में साधारण रेत का अवैध परिवहन करते हुए दो ट्रैक्टर जब्त किए। वहीं, भटगांव क्षेत्र में चूनापत्थर का अवैध परिवहन करते हुए दो हाइवा और साधारण रेत का परिवहन करते हुए एक ट्रैक्टर पकड़ा गया।

कार्रवाई के बाद जब्त किए गए वाहनों को सारसीवां और भटगांव थानों की अभिरक्षा में रखा गया है। विभाग द्वारा मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

खनिज नियमों के तहत होगी कार्रवाई

खनिज विभाग के अनुसार, अवैध खनिज परिवहन के मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिले में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने के उद्देश्य से विभाग द्वारा निगरानी और औचक निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button