Cyclone Arnab Alert: छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टी, ट्रेन से सफर करने वालों के लिए जरूरी निर्देश

रायपुर। चक्रवात ‘अर्नब’ के संभावित प्रभाव को देखते हुए छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में 28 और 29 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजनांदगांव और मोहला-मानपुर जिले के सभी स्कूलों में 28 अक्टूबर को अवकाश घोषित किया गया है।
वहीं, संभावित खराब मौसम को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। रेलवे प्रशासन यात्रियों को सतर्क करने के लिए स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली, सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड, डिजिटल स्क्रीन और आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जरूरी जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
रेल यात्रियों के लिए रेलवे की एडवाइजरी
चक्रवात के कारण संभावित बारिश और मौसम संबंधी व्यवधानों को देखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।
रेलवे की ओर से यात्रियों को दिए गए प्रमुख दिशा-निर्देश इस प्रकार हैं:
- ट्रेन की स्थिति जांचें: यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य लें।
- समय से पहले स्टेशन पहुंचें: खराब मौसम और सड़क यातायात में संभावित देरी को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुंचें।
- रेलवे के निर्देशों का पालन करें: स्टेशन पर होने वाली उद्घोषणाओं और रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा दिए गए निर्देशों पर ध्यान दें।
- रेलवे ट्रैक से दूर रहें: रेलवे ट्रैक पार करने से बचें और केवल निर्धारित यात्री क्षेत्रों का ही उपयोग करें।
- जरूरी सामान साथ रखें: मोबाइल फोन चार्ज रखें। साथ ही आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी और आपातकालीन संपर्क संबंधी जानकारी अपने पास रखें।
- फिसलन वाले स्थानों पर सतर्क रहें: बारिश के कारण प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सीढ़ियों पर फिसलन हो सकती है। इन स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें।
- आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें: ट्रेनों के नियमन, मार्ग परिवर्तन या निरस्तीकरण से जुड़ी सही और ताजा जानकारी के लिए रेलवे के आधिकारिक माध्यमों का ही उपयोग करें।
रेलवे ने यात्रियों से की सतर्क रहने की अपील
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने यात्रियों से संभावित खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों को समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न संचार माध्यमों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की पुष्टि करें और अपनी यात्रा को सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें।




