CM विष्णु देव साय ने 520 कर्मचारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी मजबूती

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026 को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में नवनियुक्त 520 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इन कर्मचारियों की पदस्थापना प्रदेश के 14 जिलों में की जाएगी, जिससे खासकर जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और प्रत्येक नागरिक तक बेहतर उपचार पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।
मरीजों की सेवा को जनसेवा और पुण्य का कार्य मानें
मुख्यमंत्री साय ने नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन स्वास्थ्यकर्मियों से बड़ी उम्मीद रखते हैं। ऐसे में मरीजों के साथ अच्छा व्यवहार, समय पर उपचार में सहयोग और सेवाभाव बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि रोगियों की सेवा को केवल नौकरी न समझें, बल्कि जनसेवा और पुण्य का कार्य मानकर समर्पण के साथ काम करें। स्वास्थ्यकर्मियों का व्यवहार और तत्परता मरीजों का स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत करती है।
स्टाफ नर्स से लेकर वार्ड आया तक 520 पदों पर नियुक्ति
स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न संवर्गों के कुल 520 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इनमें शामिल हैं:
- स्टाफ नर्स: 208 पद
- ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष: 95 पद
- ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला: 94 पद
- फार्मासिस्ट: 25 पद
- वार्ड बॉय: 50 पद
- वार्ड आया: 48 पद
इन नियुक्तियों से संबंधित जिलों में स्वास्थ्य विभाग के मानव संसाधन की उपलब्धता बढ़ेगी और अस्पतालों तथा स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में मजबूत होंगी स्वास्थ्य सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवनियुक्त कर्मचारियों की पदस्थापना जिन 14 जिलों में की जाएगी, उनमें अधिकांश जिले जनजातीय बहुल हैं। ऐसे क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
उन्होंने बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि भौगोलिक दूरी किसी भी नागरिक के लिए बेहतर इलाज प्राप्त करने में बाधा न बने। दूरस्थ क्षेत्रों में सेवाएं देने वाले स्वास्थ्यकर्मी सरकार और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
नए मेडिकल कॉलेज और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के बाद पिछले 25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है। राज्य सरकार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को जरूरत के समय सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है।
पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को अवसर : स्वास्थ्य मंत्री
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी 520 पदों पर भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक मानव संसाधन बढ़ाने पर लगातार काम कर रही है। डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदों पर जरूरत के अनुसार आगे भी भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने कर्मचारियों से अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव के साथ काम करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, गुरु खुशवंत साहेब, लक्ष्मी राजवाड़े, राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य सेवाओं के आयुक्त सह संचालक संजीव झा सहित विभागीय अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।



