त्योहारों से पहले अलर्ट मोड में रायपुर पुलिस, IG अमरेश मिश्रा ने दिए सख्त निर्देश, थाना प्रभारियों की बढ़ेगी जवाबदेही

रायपुर। आगामी त्योहारों को देखते हुए रायपुर रेंज पुलिस अलर्ट मोड में आ गई है। कानून-व्यवस्था मजबूत करने, अपराधों पर नियंत्रण और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में रेंज स्तरीय अपराध समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेंज के सभी पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस अधीक्षक और रक्षित निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में आईजी अमरेश मिश्रा ने पुलिसिंग में कार्यकुशलता, जवाबदेही और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने पर्यवेक्षी अधिकारियों को थाना स्तर पर सक्रिय नेतृत्व प्रदान करने और अपराध नियंत्रण के लिए मैदानी स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश
आईजी ने आगामी त्योहारों के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग एवं प्रभावी चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और चोरी, उठाईगिरी सहित असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

थाना प्रभारियों की तय होगी जवाबदेही
बैठक में थाना सशक्तिकरण और प्रभावी पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया गया। आईजी ने थाना प्रभारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ CSP और DSP स्तर के अधिकारियों को फील्ड ऑपरेशन, अपराधों की विवेचना और कानून-व्यवस्था की स्थिति में प्रत्यक्ष भागीदारी निभाने के निर्देश दिए।
लंबित अपराधों की विवेचना में लाएं तेजी
आईजी मिश्रा ने लंबित अपराधों की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित वैधानिक समयसीमा में चालान पेश करने के निर्देश दिए। गंभीर अपराधों में प्रभावी जमानत विरोध सुनिश्चित करने के साथ आवश्यक मामलों में अनुपस्थिति में विचारण से जुड़े वैधानिक प्रावधानों का उपयोग करने पर भी जोर दिया गया।
ट्रैफिक व्यवस्था में ट्रैफिक वार्डन की होगी भूमिका
यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए व्यापारिक संगठनों और चैंबर ऑफ कॉमर्स के सहयोग से ट्रैफिक वार्डन व्यवस्था विकसित करने की बात कही गई। इसके साथ ही शहर में उपलब्ध CCTV नेटवर्क का प्रभावी उपयोग कर यातायात नियंत्रण और अपराधों की रोकथाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समन-वारंट की तामीली के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग
न्यायालयीन समन्वय को मजबूत बनाने और पुराने प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग व्यवस्था अपनाने पर जोर दिया गया। न्यायालयों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर समन एवं वारंट की तामीली में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
साइबर शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश
बैठक में पुलिस संसाधनों के उचित आवंटन, 1930 साइबर हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण और भूमि विवादों में समय रहते प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
फील्ड पुलिसिंग और जनविश्वास को मजबूत करने पर जोर
आईजी अमरेश मिश्रा ने सभी जिलों में नियमित क्षेत्र भ्रमण, संवेदनशील स्थानों की निगरानी, पुलिस बल की प्रभावी तैनाती और सूचना तंत्र को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना स्तर पर शिकायतकर्ताओं के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और वरिष्ठ अधिकारी नियमित रूप से पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा करें।
उन्होंने गंभीर अपराधों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना, अभियोजन से बेहतर समन्वय और नागरिकों को समयबद्ध पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग में जवाबदेही बढ़ाने के साथ अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करना रहा।


