छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंदेश-दुनियाप्रशासनिक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से रूबरू हुईं छत्तीसगढ़ की महिला उद्यमी हीना, 37 महिलाओं को दे रहीं रोजगार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की ग्रामीण महिलाएं अब आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। अपनी मेहनत और उद्यमशीलता के दम पर महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार कर रही हैं। इसकी प्रेरणादायक झलक गुजरात के एकता नगर में आयोजित भारत पर्व 2026 में देखने को मिली, जहां कोरिया जिले की महिला उद्यमी एवं मिलेट्स कैफे संचालिका हीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर अपनी सफलता की कहानी साझा की।

इस दौरान हीना ने प्रधानमंत्री को बताया कि किस तरह छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

कोरिया मिलेट्स कैफे से 37 महिलाओं को मिला रोजगार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से संवाद के दौरान हीना ने बताया कि उनके द्वारा संचालित कोरिया मिलेट्स कैफे ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का प्रमुख माध्यम बन गया है। इस कैफे से जुड़कर 37 महिलाएं विभिन्न आजीविका गतिविधियों के जरिए नियमित आय अर्जित कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि बिहान मिशन ने ग्रामीण महिलाओं को संगठित होकर काम करने, अपने हुनर को पहचानने और उसे स्वरोजगार में बदलने का अवसर दिया है। कोरिया मिलेट्स कैफे इसी सामूहिक प्रयास और महिला उद्यमशीलता का सफल उदाहरण है।

मिलेट्स व्यंजनों से देशभर में पहुंच रही छत्तीसगढ़ की पहचान

हीना ने प्रधानमंत्री को बताया कि कोरिया मिलेट्स कैफे में मोटे अनाज यानी श्री अन्न से पौष्टिक और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजन तैयार किए जाते हैं। इससे जहां पोषणयुक्त खानपान को बढ़ावा मिल रहा है, वहीं प्रदेश की पारंपरिक खाद्य संस्कृति को भी नई पहचान मिल रही है।

भारत पर्व 2026 में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक मिलेट्स व्यंजनों का विशेष स्टॉल लगाया गया है। यहां देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंच रहे लोगों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक स्वाद, स्थानीय खाद्य संस्कृति और ग्रामीण महिलाओं की उद्यमशीलता से परिचित कराया जा रहा है।

राष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ की महिला शक्ति का प्रदर्शन

गुजरात के एकता नगर में 30 अक्टूबर से 15 नवंबर 2026 तक भारत पर्व का आयोजन किया जा रहा है। इसमें देशभर के शिल्पकार, उद्यमी और स्व-सहायता समूह अपनी पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजनों और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं।

इस राष्ट्रीय आयोजन में कोरिया जिले की महिला उद्यमी हीना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने अपनी सफलता की कहानी साझा करने का अवसर मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उनकी उपलब्धि प्रदेश की उन ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा है, जो बिहान के माध्यम से आत्मनिर्भरता और स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button