डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन: अहिवारा विधायक के निधन पर CM साय और डॉ. रमन सिंह ने जताया शोक

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट से भाजपा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन हो गया है। उन्होंने हैदराबाद में इलाज के दौरान अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भाजपा संगठन और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।
विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सहित भाजपा के कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
CM विष्णुदेव साय ने दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ नेता एवं अहिवारा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना से वे स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उनकी विशेष पहचान रही।
सीएम साय ने कहा कि क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने वाले कोर्सेवाड़ा का जाना सभी के लिए गहरी पीड़ा का विषय है। उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
डॉ. रमन सिंह ने जताया शोक
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी विधायक के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का निधन मन को व्यथित करने वाला है। वे विधानसभा में हमेशा अपने क्षेत्र की जनता की आवाज को प्रमुखता और दृढ़ता से उठाते रहे।
डॉ. रमन सिंह ने उनके निधन को राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल देने की प्रार्थना की।
दो दिन पहले स्वास्थ्य मंत्री ने की थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा लंबे समय से बीमार थे और हैदराबाद में उनका इलाज चल रहा था। निधन से दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना था।
डोमन लाल कोर्सेवाड़ा दुर्ग जिले की अहिवारा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उनके निधन से भाजपा संगठन और अहिवारा क्षेत्र में शोक का माहौल है।


