CG Weather: प्रदेश में सामान्य मानसून, कई जिलों में औसत से ज्यादा तो कुछ में अब भी कम बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून अब तक सामान्य बना हुआ है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के 5 अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में 1 जून से अब तक 584.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है, जो इस अवधि की सामान्य औसत वर्षा 589.5 मिमी का 99.2 प्रतिशत है। बुधवार को राज्य में औसत 12.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
बारिश के प्रतिशत के हिसाब से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला सबसे आगे रहा, जहां सामान्य 450.5 मिमी के मुकाबले 838.6 मिमी (186.2%) वर्षा दर्ज की गई। वहीं कुल वर्षा की मात्रा के मामले में नारायणपुर पहले स्थान पर रहा, जहां अब तक 1004.1 मिमी (141.1%) बारिश हो चुकी है।
इसके अलावा महासमुंद (139.3%), रायपुर (130%), गरियाबंद (128.9%), जांजगीर-चांपा (124.9%), बालोद (121.2%), बलौदाबाजार (116.8%), बलरामपुर (115%), दुर्ग (114.1%), सक्ती (114%) और धमतरी (112.9%) में भी सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
हालांकि, प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश अब भी सामान्य से कम बनी हुई है। सरगुजा में केवल 288.2 मिमी (65.1%) और सुकमा में 545.0 मिमी (67.2%) वर्षा दर्ज हुई है। इसके अलावा जशपुर (69.1%), बीजापुर (70.4%), कांकेर (71.1%), मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी (75%), बेमेतरा (76.9%), बस्तर (77.4%) और कबीरधाम (81.6%) में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे है।
राज्य सरकार के अनुसार, मध्य छत्तीसगढ़ और मैदानी क्षेत्रों में अच्छी एवं संतुलित बारिश के कारण धान की रोपाई और अन्य कृषि गतिविधियों में तेजी आई है। वहीं उत्तर और दक्षिण के कम वर्षा वाले जिलों की स्थिति पर राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग तथा कृषि विभाग लगातार नजर बनाए हुए हैं।




