BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | चार श्रम संहिताओं के लागू होने पर मुख्यमंत्री साय ने दी बधाई

Chhattisgarh: Chief Minister Sai congratulated the implementation of four labor codes.

रायपुर, 22 नवंबर 2025। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के नेतृत्व में देश में चार श्रम संहिताओं के ऐतिहासिक क्रियान्वयन पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भारत के 40 करोड़ से अधिक श्रमिकों के अधिकार, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व कदम है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज का दिन देश के श्रम क्षेत्र के इतिहास में मील का पत्थर है। चारों श्रम संहिताओं के लागू होने से न्यूनतम वेतन का अधिकार, महिलाओं के लिए समान वेतन, फिक्स्ड टर्म कर्मचारियों को ग्रेच्युटी, प्रत्येक श्रमिक के लिए सामाजिक सुरक्षा, मुफ्त स्वास्थ्य जांच, ओवरटाइम पर डबल वेतन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएँ पूरे देश में सुनिश्चित होंगी। उन्होंने कहा कि इससे न केवल श्रमिक वर्ग को सुरक्षा मिलेगी, बल्कि औद्योगिक वातावरण भी अधिक पारदर्शी और श्रमिक-हितैषी बनेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समावेशी और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को यह सुधार नई दिशा देगा। भारत की कार्यशील जनसंख्या को राष्ट्र की उत्पादन शक्ति बताते हुए उन्होंने कहा कि श्रमिकों के अधिकारों का संरक्षण किसी भी सशक्त राष्ट्र की प्राथमिकता होनी चाहिए, और नई श्रम संहिताएँ इस प्राथमिकता को मजबूती प्रदान कर रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सुधार नई अर्थव्यवस्था, बेहतर औद्योगिक संबंधों और मजबूत श्रम बाजार का आधार बनेगा। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि इन संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन से देश में रोजगार, उत्पादन, निवेश और औद्योगिक विकास की गति और तेज होगी, जिससे भारत की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button