BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | CM ने किया ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘अंगीकार-2025’ अभियान का शुभारंभ, 11 हजार हितग्राहियों को मिला आवास

Chhattisgarh CM launches ‘Cleanliness is Service’ and ‘Angikaar-2025’ campaigns, 11,000 beneficiaries get housing

रायपुर, 17 सितंबर 2025। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के स्वच्छता, आवास और लोक कल्याण उत्सव में शिरकत की। राजधानी रायपुर स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के अटल बिहारी बाजपेयी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने राज्य स्तरीय रूप से ‘स्वच्छता ही सेवा’ और ‘अंगीकार-2025’ अभियान, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 एवं लोक कल्याण मेला का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 11 हजार लाभार्थियों को गृहप्रवेश कराया। साथ ही स्वच्छता सुपर लीग टूल-किट का विमोचन किया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने हितग्राहियों को भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र और पीएम स्वनिधि के लाभार्थियों को चेक वितरित किए। साथ ही रायपुर नगर निगम के दिवंगत कर्मियों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपे और स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत और सुनील सोनी, रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने का बड़ा अभियान चलाया है। आज स्वच्छता लोगों की आदत बन चुकी है। उन्होंने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ को 7 राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं, जिसमें 20 हजार से कम आबादी वाले 100 सबसे स्वच्छ शहरों में अकेले छत्तीसगढ़ के 58 शहर शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सरकार विजन डॉक्यूमेंट-2047 के अनुरूप कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत ‘अंगीकार-2025’ अभियान के माध्यम से हर पात्र परिवार को घर उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना 2.0 के जरिए स्ट्रीट वेंडर्स को सशक्त बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस., संचालक आर. एक्का, रायपुर नगर निगम के आयुक्त विश्वदीप, SUDA के सीईओ शशांक पांडे, पार्षदगण, एमआईसी सदस्य और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button