छत्तीसगढ़

गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी पर्व पर CM विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा एवं छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी सनातन संस्कृति में प्रकृति और गौवंश के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति, पर्यावरण और जीव-जंतुओं के संरक्षण के साथ-साथ सामूहिक सहयोग और एकजुटता का संदेश देती है।

गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ का पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकआस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत प्रतीक है। यह पर्व प्रदेश की माटी की परंपराओं, ग्रामीण जीवन और लोकसंस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान को सहेजने के साथ समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को भी मजबूत करते हैं।

किसानों की उन्नति और प्रदेश की खुशहाली की कामना

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण एवं गौरा-गौरी की कृपा से छत्तीसगढ़ के खेत-खलिहान सदैव धन-धान्य से भरे रहें। अन्नदाताओं के जीवन में समृद्धि आए और प्रदेश के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति एवं खुशहाली बनी रहे।

मुख्यमंत्री ने गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी पर्व के माध्यम से प्रकृति, गौवंश संरक्षण, लोकपरंपराओं और सामाजिक एकता के महत्व को भी रेखांकित किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button