राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन में किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी

रायपुर, 15 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देश की आजादी का पर्व मनाया। उन्होंने परेड की सलामी लेने के साथ ही परेड का निरीक्षण भी किया। इस दौरान राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी मौजूद रहीं।
राज्यपाल डेका ने लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों के परिजनों और बच्चों से आत्मीय मुलाकात की तथा बच्चों को टॉफी और मिठाई वितरित की।
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार सत्यभामा अजय दुबे, उप सचिव सुश्री निधि साहू सहित लोकभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
6 मोबाइल एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्यपाल रमेन डेका ने लोकभवन से 6 मोबाइल एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये एम्बुलेंस भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी को महारत्न कंपनी आरईसी के CSR के तहत उपलब्ध कराई गई हैं।
इन मोबाइल एम्बुलेंस के जरिए जशपुर, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के दूरस्थ क्षेत्रों में लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।





