छत्तीसगढ़ में औद्योगिक क्रांति की शुरुआत, मुंगेली में स्थापित होगा पहला BEML प्लांट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास को नई दिशा देते हुए राज्य मंत्रिपरिषद ने मुंगेली जिले में भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (BEML) के हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र की स्थापना के लिए 79.70 एकड़ शासकीय भूमि रियायती दर पर आवंटित करने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में लिए गए इस फैसले से मुंगेली प्रदेश के औद्योगिक मानचित्र पर एक नई पहचान बनाने जा रहा है।
यह संयंत्र पथरिया तहसील के ग्राम चंद्रगढ़ी में स्थापित किया जाएगा। यह छत्तीसगढ़ का पहला हैवी अर्थ मूविंग इक्विपमेंट निर्माण संयंत्र होगा, जो बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रहेगा।
रोजगार और उद्योगों को मिलेगा बड़ा लाभ
बीईएमएल संयंत्र की स्थापना से स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही तकनीकी प्रशिक्षण, एमएसएमई, लॉजिस्टिक्स, ट्रांसपोर्टेशन, स्पेयर पार्ट्स निर्माण और अन्य सहायक उद्योगों को भी नई गति मिलेगी। इससे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश और आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है।
मुंगेली को विशेष प्रयासों से मिली परियोजना
पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा के अनुसार, प्रारंभिक चरण में बीईएमएल संयंत्र के लिए रायगढ़ और जांजगीर-चांपा जिलों में भूमि चिन्हित की जा रही थी। लेकिन कलेक्टर कुंदन कुमार के मार्गदर्शन में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद्रगढ़ी में 79.70 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेजा, जिसे अब कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
कलेक्टर ने दी बधाई
कलेक्टर कुंदन कुमार ने इस उपलब्धि पर जिलेवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बीईएमएल संयंत्र मुंगेली को आधुनिक विनिर्माण और इंजीनियरिंग गतिविधियों का नया केंद्र बनाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना जिले में औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराएगी।



