खेलछत्तीसगढ़

आदिवासी दिवस पर छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि, गुलेल के 4 खिलाड़ी विश्व कप के लिए चयनित

रायपुर, 9 अगस्त 2026 अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने पारंपरिक खेल ‘गुलेल’ में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया है। ओडिशा के भुवनेश्वर में Elite Slingshot Federation of India द्वारा आयोजित 1st National Slingshot Championship-2026 में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए।

कभी आदिवासी और जनजातीय समुदायों के पारंपरिक जीवन का हिस्सा रहा गुलेल खेल अब राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के दिन छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की यह उपलब्धि पारंपरिक खेलों और आदिवासी प्रतिभाओं के लिए गौरव का विषय बनी है।

राष्ट्रीय चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ के चार खिलाड़ियों का चयन आगामी Slingshot World Cup-2026 के लिए हुआ है। यह विश्व कप 1 से 4 अक्टूबर 2026 तक स्पेन में आयोजित किया जाएगा, जहां ये खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

छत्तीसगढ़ के पदक विजेता

  • नागेश साहू — 10 वर्ष आयु वर्ग — प्रथम स्थान, गोल्ड मेडल
  • श्रेयश बिसेन — 12 वर्ष आयु वर्ग — द्वितीय स्थान, सिल्वर मेडल
  • शिवांश पाटिल — 7 वर्ष आयु वर्ग — तृतीय स्थान, ब्रॉन्ज मेडल
  • राम बाई नागदौने — सीनियर वर्ग, 43 वर्ष — द्वितीय स्थान, सिल्वर मेडल

इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ टीम का नेतृत्व प्रभारी चंदन टोप्पो, टेक्निकल ऑफिसर बनित टोप्पो, मैनेजर लरंग साय बेक और छत्तीसगढ़ महिला विंग प्रभारी डामेश साहू ने किया।

एलीट गुलेल (Slingshot) एसोसिएशन ऑफ छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस पर आदिवासी बच्चों और खिलाड़ियों की यह सफलता पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से युवाओं और बच्चों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिल रहे हैं। वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का प्रयास किया जाएगा।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की यह सफलता इस बात का उदाहरण है कि पारंपरिक खेल आधुनिक प्रतिस्पर्धाओं में भी अपनी मजबूत पहचान बना सकते हैं। अब राज्य के चार खिलाड़ी अक्टूबर में स्पेन की धरती पर अपने निशाने और प्रतिभा का प्रदर्शन करते नजर आएंगे।

संपर्क:
चंदन टोप्पो
उपाध्यक्ष, एलीट गुलेल (Slingshot) फेडरेशन ऑफ इंडिया
मोबाइल: 8104710623

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button