Governmentछत्तीसगढ़प्रशासनिक

आवास, सड़क, सिंचाई और स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा, तोखन साहू ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रायपुर, 18 अगस्त 2026 सांसद बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र एवं केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्ट्रेट स्थित अरपा सभा कक्ष में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ पहुंचाने तथा निर्माणाधीन कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान साहू ने स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय संसाधनों और संभावनाओं के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर महिलाओं की आय बढ़ाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माणाधीन आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा हितग्राहियों को आवश्यक सहयोग देने कहा। व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के लंबित कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। पीएम जनमन योजना के तहत प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से बन रहे संपर्क मार्गों की समीक्षा करते हुए उन्होंने निर्माण में आ रही बाधाओं को विभागीय समन्वय से दूर करने और सड़कों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने कहा।

विष्णुभोग धान-चावल की पहचान को बढ़ावा देने पर जोर

साहू ने जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले की विशिष्ट पहचान विष्णुभोग धान-चावल की उत्पादकता बढ़ाने, प्रसंस्करण को प्रोत्साहित करने और बेहतर विपणन व्यवस्था विकसित करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को स्थानीय उत्पाद का अधिक लाभ मिल सके।

स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा के दौरान नगरीय क्षेत्रों में नियमित कचरा संग्रहण और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने तथा स्वच्छता सर्वेक्षण से संबंधित वास्तविक एवं अद्यतन जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।

सिंचाई, स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष फोकस

जिले में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए जल निकायों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण को प्राथमिकता देने कहा गया। साहू ने पशुओं को संक्रामक बीमारियों से बचाने के लिए सघन टीकाकरण अभियान चलाने तथा कुपोषित बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीबी उन्मूलन, मलेरिया नियंत्रण और शत-प्रतिशत पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने पर भी विशेष ध्यान देने कहा।

लंबित राजस्व प्रकरणों के शत-प्रतिशत निराकरण के निर्देश

केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त अधिकांश प्रकरण राजस्व विभाग से संबंधित हैं। उन्होंने कलेक्टर को नक्शा-बटांकन, सीमांकन, नामांतरण और त्रुटि सुधार सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा करते हुए उचित मूल्य दुकानों में खाद्यान्न की नियमित और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने कहा गया। शिक्षा विभाग की समीक्षा में अधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन और मध्यान्ह भोजन की स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले के परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास करने पर भी जोर दिया गया।

64 हजार से अधिक जॉबकार्डधारी परिवार

बैठक में कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने जिले में संचालित विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजनाओं की उपलब्धियों से समिति को अवगत कराया।

बताया गया कि वीबी-जी रामजी योजना के तहत जिले में 64 हजार 174 जॉबकार्डधारी परिवार पंजीकृत हैं। श्रम बजट वर्ष 2026-27 में अब तक 9 लाख 96 हजार मानव दिवस का सृजन किया जा चुका है। बिहान समूह से जुड़ी 18 हजार 148 दीदियों को लखपति दीदी की श्रेणी में शामिल किया गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले में अब तक 46 हजार 151 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। गौरेला विकासखंड में पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत 1,080 आवासों में से 865 आवास पूरे हो चुके हैं। सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत 36 हजार 924 हितग्राहियों को पेंशन योजना का लाभ मिल रहा है।

53 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में खरीफ बोनी

कृषि विभाग के अनुसार खरीफ वर्ष 2026 में निर्धारित 58 हजार 693 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 53 हजार 99 हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी पूरी हो चुकी है।

जिले में 839 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं, जहां 23 हजार 993 बच्चे दर्ज हैं। बच्चों और गर्भवती महिलाओं को नियमित रूप से पूरक पोषण आहार उपलब्ध कराया जा रहा है।

69 हजार से अधिक घरों तक पहुंचा नल का पानी

आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में अब तक 3 लाख 16 हजार 675 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 24 हजार 248 पात्र लोगों के कार्ड बनना शेष हैं। साहू ने शेष पात्र हितग्राहियों के कार्ड शीघ्र बनाने के निर्देश दिए।

जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत 563 योजनाओं में से 245 योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं। योजना के अंतर्गत 84 हजार 901 घरों के लक्ष्य के विरुद्ध 69 हजार 808 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। इनमें 55 हजार 800 क्रियाशील नल कनेक्शन शामिल हैं।

जिले में 209 उचित मूल्य दुकानें संचालित हैं और कुल 1 लाख 16 हजार 319 राशन कार्डधारक हैं। बैठक में मत्स्य पालन, श्रम विभाग सहित सभी विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विधायक कोटा अटल श्रीवास्तव, जिला पंचायत अध्यक्ष सुश्री समीरा पैकरा, नगर पालिका परिषद गौरेला के अध्यक्ष मुकेश दुबे, नगर पालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान, जनपद पंचायत गौरेला के अध्यक्ष शिवनाथ बघेल, जनपद पंचायत मरवाही की अध्यक्ष जानकी कुशरो, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button