Uncategorized

26.8 किलो गांजा के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में बिर्रा थाना पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 लाख रुपये से अधिक कीमत का 26 किलो 800 ग्राम गांजा जब्त किया है। इस मामले में दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 1 अगस्त को बिर्रा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि भटगांव की ओर से महानदी पुल पार कर बसंतपुर की दिशा में एक कार में अवैध गांजा ले जाया जा रहा है, जबकि एक मोटरसाइकिल कार की पायलटिंग कर रही है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध कार और बाइक को रोक लिया। एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई के बाद कार की तलाशी लेने पर अलग-अलग पैकेटों में कुल 26 किलो 800 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त कार और पायलटिंग कर रही मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

कार्रवाई के दौरान विजय बघेल (22) निवासी ओडेकेरा, थाना जैजैपुर, उत्तम चन्द्रा (41) निवासी जैजैपुर, भूरीबाई बघेल (55) निवासी देवरहटा, थाना हसौद, जिला सक्ती तथा सव्या शर्मा (28) निवासी पदमपुर रोड, सरायपाली, जिला महासमुंद को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ बिर्रा थाना में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था, इसकी आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button