जांजगीर-चांपा: हेडमास्टर पर छात्राओं के सामने अश्लील हरकत का आरोप, मचा हड़कंप

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पामगढ़ विकासखंड के डोंगाकोहरौद शासकीय प्राथमिक शाला के हेडमास्टर पर छात्र-छात्राओं के सामने अशोभनीय और आपत्तिजनक व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही आक्रोशित परिजन स्कूल पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
आरोप है कि हेडमास्टर भुवनेश्वर कौशिक ने कक्षा के दौरान बच्चों के सामने अपने कपड़े उतार दिए और कक्षा में ही पेशाब कर दिया। परिजनों का यह भी आरोप है कि उन्होंने छात्राओं को अपने पास बुलाकर अनुचित हरकत करने की कोशिश की।
बच्चों ने घर पहुंचकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंचे। परिजनों का कहना है कि जब वे स्कूल पहुंचे, तब हेडमास्टर अर्धनग्न अवस्था में अपनी कुर्सी पर बैठा हुआ था। इस दौरान कुछ लोगों ने उसका वीडियो भी बना लिया। वीडियो बनते देख उसने जल्दबाजी में कपड़े पहन लिए।
पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और पामगढ़ पुलिस स्कूल पहुंची। परिजनों ने पुलिस को वीडियो भी दिखाया, जिसके बाद हेडमास्टर को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। इसके बाद गांव के कई अभिभावक अपने बच्चों के साथ थाने पहुंचे और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस का बयान
पामगढ़ थाना प्रभारी सावन सारथी ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी हेडमास्टर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित धाराओं के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। अभिभावकों ने आरोपी हेडमास्टर को तत्काल निलंबित करने और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। वहीं शिक्षा विभाग से भी मामले में कार्रवाई की अपेक्षा जताई जा रही है।



