BreakingChhattisgarhExclusive

Chhattisgarh | भूपेश बघेल का भाजपा सरकार पर हमला, आदिवासियों की जमीन और अधिकार लूटने का आरोप

Chhattisgarh | Bhupesh Baghel attacks BJP government, accuses it of looting land and rights of tribals

बीजापुर, 15 मई 2025। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर आदिवासियों की जमीन, संसाधन और अधिकार छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। बीजापुर प्रवास के दौरान उन्होंने भोपालपटनम के कुचनूर क्षेत्र स्थित कोरंडम खदान का निरीक्षण किया और वहां से लौटने के बाद सर्किट हाउस में पत्रकारों से खुलकर बातचीत की।

भूपेश बघेल ने कहा कि कोरंडम खदान का संचालन ग्रामसभा की अनुमति के बिना किया जा रहा है, जो न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि आदिवासी हितों की सीधी अनदेखी भी है। उन्होंने भाजपा सरकार पर खदानों को निजी हाथों में सौंपकर “आदिवासियों की जमीन और संसाधनों की लूट” कराने का आरोप लगाया।

नक्सल ऑपरेशन और गांवों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार की “नक्सल मुक्त गांव योजना” को अव्यवहारिक करार देते हुए कहा कि एक करोड़ रुपये का इनाम गांवों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इससे मुखिया और ग्रामीणों की जान को खतरा हो सकता है।

उन्होंने करेगुट्टा नक्सल ऑपरेशन पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मारे गए 31 नक्सलियों के शव कई दिनों तक क्यों रखे गए? और इस जानकारी को मीडिया से क्यों छिपाया गया?

“एनआईए की धाराओं में फंसाए जा रहे निर्दोष आदिवासी”

बघेल ने कहा कि सैकड़ों निर्दोष आदिवासियों को नक्सली मामलों में जबरन फंसाया जा रहा है। उन पर एनआईए की धाराएं लगाई जा रही हैं और कई बेकसूर लोग आज भी जेल में बंद हैं। पुलिस कार्रवाई के डर से कई आदिवासी गांव छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं।

“विकास सिर्फ होर्डिंग्स में दिख रहा है”

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ प्रचार और होर्डिंग्स में विकास दिखा रही है। कांग्रेस सरकार द्वारा शुरू की गई जनहित योजनाओं को बंद कर दिया गया है, जिससे स्पष्ट है कि वर्तमान सरकार को वास्तविक विकास से कोई सरोकार नहीं है।

भूपेश बघेल ने अंत में मांग की कि सभी विवादित मामलों की जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति गठित की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और आदिवासियों को न्याय मिल सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button