अन्य

देवकीनंदन महाराज की कथा की कलश यात्रा में चेन चोरों का आतंक, पांच महिलाओं के गले से करीब 5 लाख के जेवर पार

रायपुर। राजधानी रायपुर में कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर की श्रीमद्भागवत कथा से पहले निकाली गई कलश यात्रा के दौरान चेन चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने पांच महिला श्रद्धालुओं के गले से करीब 5 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन पार कर दी। घटना के बाद सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को पुरानी बस्ती स्थित महामाया मंदिर से बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम तक कलश यात्रा निकाली गई थी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए थे। इसी दौरान पांच महिलाएं चेन चोरी की शिकार हो गईं।

पीड़ित महिलाओं में से एक ने बताया कि वह यात्रा के दौरान अपने मोबाइल से वीडियो बना रही थीं। भीड़ के बीच किसी महिला ने उनके गले के पास हाथ लगाया, लेकिन उस समय उन्हें कोई संदेह नहीं हुआ। कुछ देर बाद देखा तो गले से सोने की चेन गायब थी। उनकी चेन का वजन करीब 17.5 ग्राम बताया गया है, जिसकी कीमत दो लाख रुपये से अधिक है। अन्य महिलाओं की चेन चोरी को मिलाकर कुल नुकसान करीब 5 लाख रुपये आंका जा रहा है।

पुलिस का मानना है कि वारदात को किसी संगठित महिला चेन स्नैचर गिरोह ने अंजाम दिया है। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कलश यात्रा मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। साथ ही अन्य पीड़ितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button