अन्यप्रशासनिक

Chhattisgarh CM Helpline: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से 15 दिन में दिव्यांग को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का असर: 15 दिन में दिव्यांग को मिली मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, आसान हुआ जीवन

बलौदाबाजार-भाटापारा, 27 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील पहल से अब दिव्यांगजनों को भी जरूरी सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर जीवन की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

इसी क्रम में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी विकासखंड स्थित ग्राम बलौदी के रहने वाले 80 प्रतिशत अस्थि बाधित दिव्यांग नोहर दास बघेल को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के महज 15 दिनों के भीतर मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी गई।

सोशल मीडिया से मिली जानकारी, हेल्पलाइन में दर्ज कराई शिकायत

नोहर दास बघेल को सोशल मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जानकारी मिली। इसके बाद उन्होंने मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की मांग को लेकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही समाज कल्याण विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया और केवल 15 दिनों के भीतर उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी।

अब बिना सहारे कर सकेंगे दैनिक कार्य

मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने से पहले नोहर दास को रोजमर्रा के काम करने और एक स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब नई सुविधा मिलने के बाद उनकी आवाजाही आसान हो गई है।

इससे वे न केवल अपने दैनिक कार्य स्वतंत्र रूप से कर सकेंगे, बल्कि रोजगार, स्वरोजगार और अन्य आजीविका के अवसरों तक भी आसानी से पहुंच पाएंगे। इससे उनके आत्मनिर्भर बनने के प्रयासों को नई मजबूती मिलेगी।

यह सिर्फ वाहन नहीं, सम्मानजनक जीवन की नई शुरुआत’

मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल मिलने के बाद नोहर दास बघेल ने मुख्यमंत्री, समाज कल्याण विभाग और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “यह ट्राइसाइकिल मेरे लिए केवल एक वाहन नहीं, बल्कि सम्मानजनक, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर जीवन की नई शुरुआत है।”

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन बन रही भरोसेमंद समाधान मंच

राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिकों की शिकायतों का तेजी से निराकरण किया जा रहा है। विशेष रूप से दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने के लिए संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम लोगों और शासन के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बनकर उभर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button