छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंवायरल खबरें

Raipur: युवक को जिंदा जलाने का आरोप, 7 दिन बाद अस्पताल में मौत; दोस्तों पर हत्या का मामला

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय मोहम्मद शाकिब की संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि शाकिब को उसके दोस्तों ने शराब पार्टी का बहाना बनाकर सुनसान मैदान में बुलाया, जहां विवाद के बाद उस पर और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। गंभीर रूप से झुलसे शाकिब ने सात दिन तक जिंदगी की जंग लड़ने के बाद रविवार को दम तोड़ दिया।

परिजनों के अनुसार, घटना 12 जुलाई की शाम की है। रामसागर पारा निवासी एक युवक शाकिब को अपने साथ लेकर सुयश अस्पताल के पीछे हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के पास स्थित खाली मैदान में पहुंचा था। आरोप है कि वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपियों ने शाकिब पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग की चपेट में उसकी बाइक भी आ गई और पूरी तरह जल गई।

घटना के बाद डायल-112 की टीम ने गंभीर रूप से झुलसे शाकिब को अस्पताल पहुंचाया, जहां सात दिनों तक उसका इलाज चला। रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया और परिजन न्याय की मांग को लेकर सरस्वती नगर थाने पहुंच गए।

मृतक की बहन ने बताया कि मुख्य आरोपी और शाकिब के बीच पहले भी वाहन को लेकर विवाद हो चुका था, जिसके बाद दोनों के संबंध खराब हो गए थे। परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया गया।

इधर, मृतक के परिजनों ने पुलिस पर जांच में लापरवाही और आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घटना के कई दिन बाद भी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है, संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button