छत्तीसगढ़ताज़ा खबरेंराजनीतिक

गरियाबंद के अमलीपदर रथयात्रा महोत्सव में मुख्यमंत्री साय, श्रद्धालुओं संग खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ

गरियाबंद। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा में शामिल होकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर रथ का दर्शन किया तथा श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचकर अपनी आस्था व्यक्त की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अमलीपदर की रथयात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और सामाजिक समरसता की अमूल्य धरोहर है। यह परंपरा वर्षों से लोगों को एकजुट कर भारतीय संस्कृति के मूल्यों को सशक्त बना रही है।

उन्होंने कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का संदेश देती है। इस पावन अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्र होकर भगवान के दर्शन करते हैं और प्रदेश की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक विरासत नई पीढ़ी तक पहुंचती है और समाज में एकता एवं सद्भाव की भावना मजबूत होती है।

रथयात्रा के दौरान अमलीपदर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से गुलजार रहा। पारंपरिक वाद्ययंत्रों, भजन-कीर्तन और जय जगन्नाथ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के रथ का दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी रथयात्रा में भाग लिया और भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को रथयात्रा महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button