
रायपुर, 9 अगस्त 2026। असम में बाढ़ से बने गंभीर हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने मानवीय संवेदना और अंतरराज्यीय सहयोग की मिसाल पेश करते हुए बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए ₹5 करोड़ की आर्थिक मदद देने का निर्णय लिया है। यह राशि असम में चल रहे राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से दूरभाष पर चर्चा की और राज्य में बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री साय ने बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
संकट की घड़ी में असम के साथ छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस कठिन घड़ी में छत्तीसगढ़ की जनता असम के अपने भाई-बहनों के साथ पूरी एकजुटता से खड़ी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है और छत्तीसगढ़ सरकार इस मुश्किल समय में असम के साथ खड़ी है।
राहत और पुनर्वास में मिलेगी मदद
छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से दी जाने वाली ₹5 करोड़ की सहायता राशि का उपयोग असम में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किया जाएगा। इससे प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने और आपदा के बाद पुनर्वास गतिविधियों को गति देने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय का यह कदम अंतरराज्यीय सहयोग, मानवीय संवेदना और आपदा के समय एक-दूसरे के साथ खड़े होने की भावना को मजबूत करने वाला माना जा रहा है।



