भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी की वापसी; राम माधव को मिली बड़ी जिम्मेदारी

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी बहुप्रतीक्षित नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया है। 65 सदस्यीय टीम में अनुभवी नेताओं के साथ युवा चेहरों को भी जगह दी गई है। पार्टी ने संगठन में महिलाओं के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक वर्गों और राज्यों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है।
नई टीम में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी हुई है। उन्हें राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पहले राष्ट्रीय महासचिव की भूमिका निभा चुके राम माधव की भी संगठन में वापसी हुई है। उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
वहीं, लंबे समय से भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया सेल की जिम्मेदारी संभाल रहे अमित मालवीय को नई टीम में जगह नहीं मिली है। उनकी जगह छत्तीसगढ़ से जुड़े दीपक म्हस्के को आईटी सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
2029 लोकसभा चुनाव पर नजर
भाजपा की नई टीम को आगामी 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन में ऐसे नेताओं को भी जिम्मेदारियां दी गई हैं, जिन्हें अलग-अलग राज्यों में चुनावी और संगठनात्मक काम का अनुभव है।
पूर्व राज्यसभा सांसद और लंबे समय तक पार्टी के कोषाध्यक्ष रहे पीयूष गोयल को एक बार फिर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है। अब तक यह जिम्मेदारी राजेश अग्रवाल संभाल रहे थे। वहीं राजेश मंगल को सह कोषाध्यक्ष बनाया गया है।
आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं हरीश द्विवेदी को राष्ट्रीय सचिव से पदोन्नत कर राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।
त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लव देव को भी राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं मौजूदा महासचिवों में सुनील बंसल और विनोद तावड़े अपनी जगह बनाए रखने में सफल रहे हैं।
मंत्रिमंडल फेरबदल की अटकलें तेज
भाजपा संगठन में बदलाव के बाद अब केंद्र की मोदी सरकार के मंत्रिमंडल में भी फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि संगठन में जगह नहीं पाने वाले कुछ नेताओं को सरकार में जिम्मेदारी दी जा सकती है।
इसके अलावा सहयोगी दलों के कुछ नेताओं को भी संभावित मंत्रिमंडल विस्तार में जगह मिलने की चर्चा है। हालांकि, मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन पर जोर
नई टीम में अलग-अलग आयु वर्ग और सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया गया है। टीम में 40 वर्ष से कम उम्र के छह सदस्य, 40 से 49 वर्ष की आयु के 15 और 50 से 59 वर्ष की आयु के 21 सदस्य शामिल हैं।
पार्टी संगठन में महिलाओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। नई टीम में कुल 12 महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलने की बात सामने आई है।
छत्तीसगढ़ को भी अहम जिम्मेदारी
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को भी प्रतिनिधित्व मिला है। दीपक म्हस्के को आईटी सेल प्रमुख बनाया गया है, जबकि रूप कुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है।
दीपक म्हस्के को नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ प्रभारी रहने के दौरान संगठनात्मक काम का अनुभव रहा है। पार्टी ने सोशल मीडिया और डिजिटल नैरेटिव को मजबूत करने के लिहाज से उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के प्रमुख पदाधिकारी
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष: राम माधव, वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत, वैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्र भाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराज, तारिक मंसूर और मधु चंद्रकर।
राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन): बीएल संतोष
राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन): शिवप्रकाश और सौदान सिंह
राष्ट्रीय महासचिव: स्मृति ईरानी, हरीश द्विवेदी, बिप्लव देव, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, संजय भाटिया, सुनील बंसल और विनोद तावड़े।
राष्ट्रीय सचिव: कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, संदीप पाठक, फांग्नोन कोन्यक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, एम. वेंकटेशन, मनोज टिग्गा, सिद्धार्थ शंभु, स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश।
कोषाध्यक्ष: पीयूष गोयल
सह कोषाध्यक्ष: राजेश मंगल
केंद्रीय भाजपा कार्यालय प्रभारी: तरुण चुघ
कार्यालय मंत्री: महेंद्र पांडे
आईटी सेल प्रमुख: दीपक म्हस्के
मीडिया संयोजक: अनिल बलूनी
युवा मोर्चा अध्यक्ष: हेमांग जोशी
महिला मोर्चा अध्यक्ष: रूप कुमारी चौधरी
ओबीसी मोर्चा अध्यक्ष: अमरपाल मौर्य
किसान मोर्चा अध्यक्ष: बंसीलाल गुर्जर
एससी मोर्चा अध्यक्ष: शिवेश कुमार राम
एसटी मोर्चा अध्यक्ष: मन्नालाल रावत
अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष: कुंवर बासित अली
किस राज्य को कितना प्रतिनिधित्व
नई टीम में दिल्ली को सबसे अधिक 10 प्रतिनिधित्व मिला है। उत्तर प्रदेश से 8, मध्य प्रदेश से 6, महाराष्ट्र से 5, राजस्थान, उत्तराखंड और गुजरात से 4-4 प्रतिनिधि शामिल किए गए हैं।
बिहार से 3, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, बंगाल, हरियाणा, केरल और छत्तीसगढ़ से 2-2 प्रतिनिधि हैं। इसके अलावा कर्नाटक, चंडीगढ़, त्रिपुरा, झारखंड, नगालैंड, तमिलनाडु और असम को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है।
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में संगठनात्मक अनुभव और युवा नेतृत्व के बीच संतुलन बनाने की कोशिश साफ दिखाई देती है। पार्टी के लिए अब सबसे बड़ी चुनौती नई टीम को जमीनी स्तर पर सक्रिय करते हुए आगामी चुनावों की रणनीति को मजबूत करना होगी।



