अरुण साव ने की विकास कार्यों की समीक्षा, धीमी प्रगति पर होगी कड़ी कार्रवाई

रायपुर, 24 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मुंगेली जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
साव ने लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उप मुख्यमंत्री ने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और संबंधित एजेंसियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले विकास कार्यों का लाभ नागरिकों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में साव ने अधिकारियों को विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने और लगातार स्थल निरीक्षण कर प्रगति पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही और कार्यों की धीमी प्रगति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध निलंबन जैसी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करें।



