उज्ज्वला योजना ने बदली तस्वीर, 22 हजार 18 परिवारों को मिला LPG कनेक्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सुदूर वनांचल नारायणपुर जिले में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने हजारों गरीब परिवारों की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है। कभी लकड़ी और उपलों के धुएं के बीच खाना पकाने को मजबूर महिलाओं को अब स्वच्छ ईंधन की सुविधा मिल रही है। इससे न केवल उन्हें धुएं से राहत मिली है, बल्कि समय और श्रम की भी बचत हो रही है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य गरीब और वंचित परिवारों की महिलाओं को एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराकर स्वच्छ ईंधन की सुविधा देना है। योजना के तहत पात्र महिला मुखिया को एलपीजी कनेक्शन प्रदान किया जाता है। नारायणपुर जैसे दुर्गम वनांचल क्षेत्रों में इस योजना का प्रभाव विशेष रूप से दिखाई दे रहा है।

22 हजार 18 पात्र परिवारों को मिला LPG कनेक्शन
नारायणपुर जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत अब तक 22 हजार 18 पात्र परिवारों को एलपीजी गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है। यह आंकड़ा केवल गैस कनेक्शनों की संख्या नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव की तस्वीर पेश करता है।
उज्ज्वला योजना से पहले ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को खाना पकाने के लिए लकड़ी और उपलों पर निर्भर रहना पड़ता था। जंगलों से लकड़ी लाने के लिए उन्हें प्रतिदिन कई किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ता था। इसके बाद धुएं से भरी रसोई में भोजन तैयार करना उनकी दिनचर्या का हिस्सा था।
धुएं से मिली मुक्ति, स्वच्छ हुई रसोई
लकड़ी और उपलों के धुएं के कारण महिलाओं और बच्चों को लंबे समय तक धुएं के संपर्क में रहना पड़ता था। इससे आंखों में जलन और सांस संबंधी परेशानियों का खतरा बना रहता था। एलपीजी गैस कनेक्शन मिलने के बाद रसोई का वातावरण अधिक स्वच्छ हुआ है और घरेलू वायु प्रदूषण में कमी आई है।
खासकर बारिश के मौसम में गीली लकड़ी से खाना पकाने की समस्या भी अब काफी हद तक दूर हुई है। गैस चूल्हे के इस्तेमाल से भोजन जल्दी तैयार होता है और रसोई में धुआं भी नहीं फैलता।
समय और श्रम की बचत से बढ़ी महिलाओं की भागीदारी
उज्ज्वला योजना का सबसे बड़ा असर महिलाओं के समय और श्रम की बचत के रूप में सामने आया है। पहले लकड़ी एकत्र करने में लगने वाला समय अब महिलाएं परिवार, बच्चों की पढ़ाई और देखभाल के साथ-साथ आजीविका से जुड़ी गतिविधियों में लगा पा रही हैं।
कई महिलाएं स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी कर रही हैं। इसके साथ ही सामाजिक और सामुदायिक कार्यों में उनकी सक्रियता भी बढ़ी है।
गरीब परिवारों पर कम हुआ आर्थिक बोझ
उज्ज्वला योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को जमा-रहित गैस कनेक्शन के साथ आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार पहला रिफिल और चूल्हा भी नि:शुल्क प्रदान किया जाता है। इससे गरीब परिवारों पर शुरुआती आर्थिक बोझ कम होता है और उन्हें स्वच्छ ईंधन अपनाने में मदद मिलती है।
सुविधा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते परिवार
नारायणपुर के 22 हजार 18 गैस कनेक्शन स्वच्छ ईंधन के विस्तार के साथ-साथ सामाजिक बदलाव की कहानी भी बयां करते हैं। धुएं से मुक्ति, समय की बचत और बेहतर रसोई व्यवस्था ने महिलाओं के जीवन को आसान बनाया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के माध्यम से वनांचल की ‘महतारियों’ के जीवन में आया यह बदलाव स्वच्छता, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे महिलाओं को कठिन श्रम से राहत मिली है और परिवारों के जीवन में खुशहाली की नई राह खुली है।



