CM साय ने दी रक्षाबंधन की बधाई, नेपाल बाढ़ पर जताया दुख; आगामी चुनाव को लेकर कही बड़ी बात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शुक्रवार को दिल्ली दौरे के बाद रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ की त्रासदी पर चिंता जताते हुए प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
नेपाल बाढ़ में फंसे लोगों के लिए बनाया कंट्रोल रूम
मुख्यमंत्री साय ने नेपाल में आई बाढ़ को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि इस आपदा में देश और छत्तीसगढ़ के कुछ लोगों के लापता होने की जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने कंट्रोल रूम बनाया है और हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि नेपाल में फंसे या लापता लोगों के परिजन और जरूरतमंद लोग कंट्रोल रूम से संपर्क कर सकते हैं। राज्य सरकार उनकी मदद के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से की मुलाकात
दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ से जुड़े विभिन्न विषयों से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया।
प्रदेश प्रभारी की नियुक्ति को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केंद्रीय नेतृत्व का विषय है। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन पहले छत्तीसगढ़ भाजपा के संगठन प्रभारी रह चुके हैं, लेकिन अब राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद प्रदेश में नए संगठन प्रभारी की नियुक्ति होना स्वाभाविक है।
आगामी चुनाव में भाजपा की जीत का किया दावा
मुख्यमंत्री साय ने प्रदेश में भाजपा सरकार के कामकाज पर भरोसा जताते हुए कहा कि राज्य में हर जगह अच्छे कार्य हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जहां-जहां चुनाव होने हैं, वहां भाजपा को अच्छी जीत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अपने ढाई साल के कार्यकाल में बेहतर काम किया है और सरकार के काम के आधार पर जनता का समर्थन भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने आगामी चुनावों में भाजपा की जीत का भरोसा जताया।



