छत्तीसगढ़वायरल खबरें

PM आवास योजना से दूरपति राठिया का पक्के घर का सपना हुआ साकार, अब सुरक्षित जीवन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के अपने घर के सपने को साकार किया जा रहा है। यह योजना गरीब परिवारों के लिए सिर्फ पक्की छत ही नहीं, बल्कि सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व का आधार बन रही है।

रायगढ़ जिले के तमनार विकासखंड की ग्राम पंचायत महलोई निवासी दूरपति राठिया के जीवन में भी प्रधानमंत्री आवास योजना ने बड़ा बदलाव किया है। विधवा और एकल महिला दूरपति मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन चलाती हैं। सीमित आय के कारण उनके लिए अपने दम पर पक्का मकान बनाना आसान नहीं था।

कच्चे मकान में बारिश के दिनों में बनी रहती थी चिंता

दूरपति लंबे समय तक मिट्टी के कच्चे मकान में रहती थीं। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने, घर में नमी और गंदगी फैलने तथा कच्ची दीवारों के कमजोर होने की चिंता बनी रहती थी। इसके अलावा जहरीले जीव-जंतुओं के घर में प्रवेश का खतरा भी रहता था।

ऐसे हालात में सुरक्षित और पक्की छत का सपना उनके लिए काफी मुश्किल नजर आता था। मेहनत-मजदूरी करते हुए दूरपति को उम्मीद थी कि एक दिन उन्हें भी अपना पक्का घर मिलेगा।

प्रधानमंत्री आवास योजना ने बदली जिंदगी

दूरपति का आवास प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत हुआ। शासन से प्राप्त सहायता राशि से उनके पक्के मकान का निर्माण संभव हो सका। वर्षों से देखा जा रहा उनका सपना अब हकीकत में बदल गया है।

आज दूरपति अपने पक्के घर में सुरक्षित और सम्मान के साथ जीवन बिता रही हैं। जिस बारिश के मौसम में पहले उन्हें छत टपकने और दीवारों के कमजोर होने की चिंता सताती थी, अब उसी मौसम में वह अपने सुरक्षित घर में निश्चिंत रहती हैं।

पक्का घर बना सुरक्षा और सम्मान का आधार

पक्का आवास मिलने से दूरपति के जीवन में केवल रहने की बेहतर सुविधा ही नहीं आई, बल्कि उनके आत्मविश्वास और मनोबल में भी वृद्धि हुई है। उनके लिए यह घर सुरक्षा, सम्मान और सुकून का प्रतीक बन गया है।

दूरपति राठिया ने पक्का आवास मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि अपने पक्के घर में रहना उनके लिए बेहद खुशी और सुकून का अनुभव है। उन्होंने बताया कि पहले बारिश के दिनों में घर को लेकर चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब उन्हें सुरक्षित छत का सहारा मिल गया है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से छत्तीसगढ़ में ऐसे अनेक जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। दूरपति राठिया की कहानी बताती है कि सरकारी योजना जब सही लाभार्थी तक पहुंचती है, तो वर्षों से देखा गया घर का सपना सुरक्षा और सम्मान के आशियाने में बदल जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button