CGPSC अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू टला; नई तारीख का इंतजार

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा-2025 को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। आयोग ने 16 सितंबर को जारी सूचना में 20 विभागों के 265 पदों के लिए प्रस्तावित दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार प्रक्रिया स्थगित कर दी है। यह प्रक्रिया पहले 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जानी थी। आयोग ने स्थगन के पीछे अपरिहार्य कारण बताया है। नई तारीखों की घोषणा बाद में आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से की जाएगी।
मूल्यांकन में कथित अनियमितताओं को लेकर उठे सवाल
CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से आपत्तियां उठाई गई थीं। RTI के माध्यम से प्राप्त उत्तर पुस्तिकाओं के आधार पर प्रकाशित रिपोर्ट में कुछ प्रश्नों के उत्तरों पर दिए गए अंकों को लेकर सवाल सामने आए थे। अभ्यर्थियों का दावा था कि कुछ मामलों में सही और गलत उत्तरों के बीच अंक प्रदान करने में असमानता दिखाई देती है।
इनमें बुद्ध धर्म के महाभिनिष्क्रमण, घरेलू हिंसा अधिनियम-2005, छत्तीसगढ़ में होम रूल लीग की स्थापना और माता राजिम तेलिन से जुड़े प्रश्नों के मूल्यांकन के उदाहरणों का उल्लेख किया गया था। अभ्यर्थियों ने इन मामलों को आधार बनाकर मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनरीक्षण की मांग की थी।
अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू स्थगित करने की उठाई थी मांग
अभ्यर्थियों की ओर से मांग की गई थी कि प्रस्तावित इंटरव्यू को स्थगित कर पहले प्रभावित उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराई जाए। साथ ही स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित करने, मूल्यांकन में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार परीक्षकों और अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा उत्तर पुस्तिकाएं निशुल्क उपलब्ध कराने जैसी मांगें भी रखी गई थीं।
हालांकि, CGPSC पहले ही स्पष्ट कर चुका था कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 में पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना का प्रावधान नहीं है। आयोग के अनुसार परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का प्रश्नवार और पहचान रहित मूल्यांकन कराया जाता है तथा यह प्रक्रिया विषय विशेषज्ञों के माध्यम से पूरी की जाती है।
आयोग ने बताया- ‘अपरिहार्य कारणों’ से स्थगित हुई प्रक्रिया
CGPSC की ताजा सूचना में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार स्थगित करने का संबंध मूल्यांकन को लेकर उठी आपत्तियों से है या नहीं। आयोग ने केवल अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को स्थगित किया है।
नई तारीखों की जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अलग से जारी की जाएगी। राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है। पहले जारी कार्यक्रम के मुताबिक दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक होना था।
अभ्यर्थियों ने मीडिया टीम का जताया आभार
इंटरव्यू स्थगित होने के बाद CGPSC अभ्यर्थियों की ओर से मीडिया टीम के प्रति आभार भी जताया गया है। अभ्यर्थियों ने विशेष संवाददाता सत्या राजपूत और मीडिया टीम को पत्र जारी कर CGPSC से जुड़े मुद्दों को सामने लाने और उनकी आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए धन्यवाद दिया।
अभ्यर्थियों ने कहा कि मीडिया के सहयोग से उनकी समस्याएं और मांगें संबंधित स्तर तक पहुंच सकीं। उन्होंने युवाओं की आवाज उठाने के लिए मीडिया टीम का आभार जताते हुए भविष्य में भी अभ्यर्थियों के हित से जुड़े मुद्दों को सामने लाने की उम्मीद व्यक्त की।




