सेवा संकल्प अभियान 2026: आज शाम 7 बजे छत्तीसगढ़ में रोशन होंगे लाखों घर

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 17 सितंबर को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ चलाया जा रहा है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य जांच, स्कूलों में प्रतियोगिताओं समेत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ में भी अभियान के तहत अलग-अलग जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेशवासियों से 17 सितंबर की शाम 7 बजे अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने का आह्वान किया है।

आज शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को शाम 7 बजे प्रदेशभर में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इस पहल के जरिए सेवा, समर्पण, आभार और सकारात्मकता के सामूहिक संकल्प का संदेश देने की बात कही गई है।
बिलासपुर में जलेंगे करीब 10 लाख दीप
बिलासपुर जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत करीब 10 लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम पुलिस परेड ग्राउंड में शाम 7 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मौजूद रहेंगे। यहां 1 लाख 25 हजार दीप एक साथ जलाए जाएंगे।
इसके अलावा जिले के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। रतनपुर में 11 हजार, बेलपान में 1100, ताला में 1100 और मल्हार में 11 हजार दीप जलाए जाएंगे। जिले के चारों विकासखंडों की चयनित 44 ग्राम पंचायतों में भी शत-प्रतिशत घरों में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।
जगदलपुर में सवा लाख दीपों से रोशन होगा शहर
बस्तर संभाग में भी सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर से होगी। जगदलपुर में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल होंगे। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर और सिरहासार चौक पर एक साथ सवा लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान बस्तर संभाग में महीनेभर जनसेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रक्तदान और स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगेंगे
एक महीने तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न जिलों में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं के सम्मान, नुक्कड़ नाटक तथा चित्रकला प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़े पहलुओं को भी लोगों तक पहुंचाने की योजना है।
सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचेगी भाजपा
अभियान के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर रहेगा।
युवाओं के लिए भी होंगे विशेष कार्यक्रम
सेवा संकल्प अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘राष्ट्रीय युवा पहल चुनौती’ समेत अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को अभियान से जोड़ने की योजना है।
इन तीन तारीखों पर होंगे विशेष आयोजन
भाजपा ने अभियान के दौरान 17 सितंबर, 2 अक्टूबर और 7 अक्टूबर को विशेष कार्यक्रमों के लिए महत्वपूर्ण तिथियों के रूप में रखा है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन, 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती और 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विशेष सेवा एवं जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


