BHILAI CRIME: 36 इंडेन सिलेंडर चोरी का खुलासा, 8 आरोपी गिरफ्तार; 2-2 हजार रुपये में बेच दिए थे सिलेंडर

रायपुर। दुर्ग भिलाई में खड़ी गाड़ी से 36 भरे इंडेन गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले में छावनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए महज तीन दिन में चोरी का खुलासा कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी किए गए कुछ सिलेंडरों को महज 2-2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिया था।
खड़ी गाड़ी से चोरी हुए थे 36 भरे सिलेंडर
पुलिस के मुताबिक, 18 सितंबर को भिलाई के साक्षरता चौक कैंप-01 के पास सर्विस रोड पर एक महिंद्रा मैक्सेमो प्लस वाहन खड़ा था। इसी वाहन से 36 भरे हुए इंडेन गैस सिलेंडर चोरी हो गए थे। घटना के बाद 19 सितंबर को घनश्याम कुर्रे ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की।
2-2 हजार रुपये में बेच दिए 20 सिलेंडर
जांच के दौरान पुलिस ने प्रमोद देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने चोरी की वारदात में शामिल होने की बात बताई और अन्य आरोपियों के संबंध में जानकारी दी।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि चोरी किए गए 16 सिलेंडर जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए गए थे, जबकि 20 सिलेंडर 2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए गए थे।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 सिलेंडर बरामद किए। इसके अलावा बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल वाहन और 5 सिलेंडर भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।
8 आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ और बरामदगी की कार्रवाई के आधार पर आगे की जांच जारी है।


