CG COAL SCAM: आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई, कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी की बेनामी संपत्ति सील

रायपुर। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोयला घोटाला मामले से जुड़े कोयला कारोबारी सूर्यकांत तिवारी की कथित बेनामी संपत्ति पर आयकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर आयकर विभाग की टीम ने भिलाई के जुनवानी स्थित सूर्या रेजिडेंसी में दबिश देकर एक मकान को सील कर दिया। यह कार्रवाई तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में की गई।
जानकारी के मुताबिक, आयकर विभाग की जांच के दौरान सामने आया कि उक्त मकान की रजिस्ट्री मनीष उपाध्याय के नाम पर कराई गई थी, जबकि विभाग के अनुसार संपत्ति सूर्यकांत तिवारी से संबंधित बताई जा रही है। विभाग ने इसे बेनामी संपत्ति से जोड़ते हुए मकान को सील करने की कार्रवाई की।
ढोल बजाकर कराई गई मुनादी
कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग की टीम की एक अलग तस्वीर भी सामने आई। अधिकारी ढोल लेकर सूर्या रेजिडेंसी पहुंचे और पहले पूरी कॉलोनी में मुनादी कराई गई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों के सामने विभाग की ओर से जारी नोटिस को पढ़कर सुनाया गया।
नोटिस की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अधिकारियों ने संबंधित मकान को सील कर दिया। इस दौरान तहसीलदार और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
ED की कार्रवाई के बाद सामने आई थी संपत्ति
बताया गया है कि सूर्यकांत तिवारी से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की पूर्व कार्रवाई और जांच के दौरान कथित बेनामी संपत्तियों से संबंधित जानकारी सामने आई थी। इसके बाद आयकर विभाग ने संपत्ति से जुड़े पहलुओं की जांच की और अब भिलाई स्थित इस मकान पर कार्रवाई की है।
फिलहाल आयकर विभाग की कार्रवाई के बाद मामले में संपत्ति के स्वामित्व और बेनामी लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है।



