छत्तीसगढ़

Durg: स्नेचिंग का खुलासा, इंजीनियरिंग के छात्र निकले आरोपी; युवक-युवती गिरफ्तार

रायपुर। दुर्ग जिले में चेन स्नेचिंग की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी भिलाई के एक निजी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। आरोपियों ने सुपेला थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला समेत दो महिलाओं को निशाना बनाया था। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की है।

बुजुर्ग महिला के गले से छीनी थी चेन

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में घर के बाहर टहल रही एक बुजुर्ग महिला के गले से चेन स्नेचिंग की गई थी। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। फुटेज में एक युवती स्कूटी चलाते हुए दिखाई दी, जबकि पीछे बैठे युवक ने महिला के गले से चेन खींच ली और दोनों मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और इलाके में लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।

नेहरू नगर में फिर की चेन स्नेचिंग

जांच के दौरान सोमवार सुबह आरोपियों ने नेहरू नगर इलाके में एक अन्य महिला को निशाना बनाया। महिला के गले से सोने की चेन छीनकर दोनों फरार हो गए। लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

कॉलेज की फीस भरने के लिए वारदात

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्की नायक निवासी तितुरडीह, दुर्ग और तरुणा सिन्हा निवासी तितुरडीह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, विक्की मूल रूप से बालाघाट, मध्यप्रदेश का रहने वाला है, जबकि तरुणा मूलतः राजनांदगांव की रहने वाली है। दोनों तितुरडीह में रहकर भिलाई के एक निजी कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे दोस्त हैं और कॉलेज की फीस भरने के लिए चेन स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि सुपेला थाना क्षेत्र में चेन स्नेचिंग की घटना के बाद कई सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज के आधार पर एक युवक और युवती की पहचान हुई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button