छत्तीसगढ़

नकली शराब के बाद नकली तंबाकू का रैकेट बेनकाब, 75 बोरा संदिग्ध माल जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ के भानुप्रतापपुर क्षेत्र में नकली शराब के बाद अब नकली तंबाकू के नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस ने एक छोटे मालवाहक वाहन से करीब 75 बोरा संदिग्ध नकली तंबाकू जब्त किया है। जांच में नागपुर निवासी सचिन ठाकरे को कथित मुख्य सप्लायर और दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को डीलर बताए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है, हालांकि फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया संदिग्ध माल

पुलिस को सूचना मिली थी कि भानुप्रतापपुर और दल्लीराजहरा इलाके में ‘ऊं सुरेश छाप’ तंबाकू के नाम और मार्का का डुप्लीकेट माल खपाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस 18 सितंबर को वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान CG 08 BH 6398 नंबर का छोटा मालवाहक वाहन संदिग्ध मिला।

पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ करते हुए उसमें लदे सामान के वैध दस्तावेज मांगे। दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर वाहन को थाने लाकर जांच की गई।

75 बोरा तंबाकू जब्त

जांच के दौरान वाहन में तंबाकू लदा मिला। इसके नकली होने की आशंका पर पुलिस ने तंबाकू के वास्तविक निर्माता और ब्रांड से जुड़ी जानकारी जुटाई। इस दौरान भिलाई स्थित ओम आशा पुरी ट्रेडर्स के संचालक नदीम शहबाज से भी जानकारी ली गई।

जांच के आधार पर पुलिस ने वाहन समेत करीब 75 बोरा संदिग्ध नकली तंबाकू जब्त किया।

नागपुर से सप्लाई, दल्लीराजहरा में डीलर

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और जांच में जब्त तंबाकू की सप्लाई नागपुर निवासी सचिन ठाकरे द्वारा किए जाने की बात सामने आई। वहीं दल्लीराजहरा निवासी ओम प्रकाश कुकरेजा को इस नेटवर्क का डीलर बताया गया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि संदिग्ध नकली तंबाकू कहां तैयार किया जा रहा था और इसे भानुप्रतापपुर-दल्लीराजहरा के अलावा किन-किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था।

कॉपीराइट एक्ट और BNS के तहत केस

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कॉपीराइट एक्ट की धारा 63 और BNS की धारा 318(4), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। फिलहाल दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

नकली शराब रैकेट के बाद नकली तंबाकू पर कार्रवाई

गौरतलब है कि करीब 13 दिन पहले ही भानुप्रतापपुर पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले रैकेट का खुलासा किया था। अब नकली तंबाकू की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद क्षेत्र में नकली उत्पादों की सप्लाई को लेकर जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button