छत्तीसगढ़प्रशासनिक

तीज मिलन में CM साय का बड़ा बयान, 68 लाख से अधिक महिलाओं को मिल रही हर महीने आर्थिक सहायता

रायपुर। नवा रायपुर में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा की ओर से तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की पत्नी वीणा सिंह और बहू ऐश्वर्या सिंह सहित प्रदेशभर से महिलाएं एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

तीज मिलन उत्सव में सीएम साय ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीज मिलन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि तीज का पर्व विवाहित महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर माताएं अपने पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। उन्होंने भगवान शिव से प्रदेशवासियों के अखंड सौभाग्य और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।

सीएम साय ने कहा कि कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया। उन्होंने कहा कि भारतीय समाज में प्राचीन काल से ही माताओं और महिलाओं का विशेष सम्मान रहा है। त्रेता, द्वापर और सतयुग में भी नारी सम्मान को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी माताओं-बहनों के सम्मान के साथ उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 31 किस्तें जारी की जा चुकी हैं और 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हितग्राहियों के खातों में पहुंचाई गई है।

सीएम साय ने कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए किसी पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है। हर महीने उनके बैंक खाते में एक हजार रुपये की राशि पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न कार्यक्रमों में महिलाओं के चेहरों पर इस योजना को लेकर खुशी देखने को मिलती है।

ढाई साल में 18 लाख से अधिक आवास का दावा

मुख्यमंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ढाई साल में 18 लाख से अधिक आवास बनाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास हर परिवार तक बिजली, नल का पानी और गैस सिलेंडर जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है। मुख्यमंत्री ने कोरोना महामारी का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने अपनी वैक्सीन तैयार की और देशभर में व्यापक टीकाकरण अभियान चलाया गया।

प्रदेश में 13 लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

सीएम साय ने कहा कि सरकार की योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 13 लाख से अधिक बहनें लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा निरंतर जारी रहने की कामना करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के सम्मान, आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button