पोषण माह 2026: बच्चों के विकास की निगरानी पर जोर, समय पर पहचान और देखभाल की पहल

रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में पोषण माह 2026 के तहत बच्चों के समुचित विकास, पोषण और स्वास्थ्य को लेकर परिवारों को जागरूक किया जा रहा है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत बच्चों के विकास में संभावित देरी की समय पर पहचान, उचित परामर्श और जरूरतमंद बच्चों को विशेषज्ञ सेवाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अभियान के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की उम्र के अनुसार उनके सीखने, खेलने, प्रतिक्रिया देने और व्यवहार पर नजर रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यदि बच्चे के विकास में किसी तरह की देरी या चिंता दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज करने के बजाय समय पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से संपर्क करने और स्वास्थ्यकर्मी से आवश्यक सलाह लेने की अपील की जा रही है।
जरूरत पड़ने पर बच्चे को विशेषज्ञ सेवाओं के लिए रेफर करने की व्यवस्था भी की जा सकती है। इसका उद्देश्य विकास संबंधी किसी भी समस्या की शुरुआती स्तर पर पहचान कर बच्चे को समय पर आवश्यक सहयोग और सेवाएं उपलब्ध कराना है।
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की नियमित निगरानी
आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के विकास और पोषण की नियमित निगरानी की जा रही है। ‘हर बच्चे के विकास में ध्यान देना जरूरी’ संदेश के साथ परिवारों को समझाया जा रहा है कि समय पर पहचान और उचित मार्गदर्शन बच्चों के बेहतर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ की भावना के साथ पोषण माह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी और परिवार मिलकर बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए प्रयास कर रहे हैं। निरंतर देखभाल और समय पर सहयोग से बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।



