उत्तरप्रदेशवायरल खबरें

Balrampur: में 7 साल की छात्रा की मौत, गणेश विसर्जन यात्रा के DJ को लेकर सामने आया दावा

रायपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर नगर में कक्षा-2 की सात वर्षीय छात्रा की स्कूल में अचानक बेहोश होने के बाद मौत हो गई। घटना 21 सितंबर की बताई जा रही है। घटना के बाद सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा के दौरान बज रहे तेज DJ की आवाज के कारण छात्रा बेहोश हुई और उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस ने छात्रा की मौत को DJ की तेज आवाज से होने की पुष्टि नहीं की है।

कक्षा में अचानक बेहोश हुई छात्रा

पुलिस के अनुसार, मृतक छात्रा की पहचान वैष्णवी के रूप में हुई है। वह बलरामपुर नगर के एक निजी स्कूल में कक्षा-2 में पढ़ती थी। 21 सितंबर को वह स्कूल के क्लासरूम में मौजूद थी, तभी वह अचानक अज्ञात कारणों से बेहोश होकर गिर गई।

शिक्षकों ने तत्काल छात्रा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

DJ की तेज आवाज को लेकर क्या है दावा?

घटना के बाद स्थानीय लोगों की ओर से दावा किया गया कि स्कूल के पास से गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा गुजर रही थी और यात्रा में तेज आवाज में DJ बज रहा था। इसी दौरान छात्रा के बेहोश होने की बात कही गई।

घटना का CCTV फुटेज भी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि, छात्रा की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना के बाद DJ पर पूर्ण प्रतिबंध का फैसला

घटना के बाद नगर पालिका परिषद सभागार में सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में नगर में DJ के इस्तेमाल पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह ने छात्रा की मौत पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना को देखते हुए भविष्य में किसी भी त्योहार में DJ का इस्तेमाल नहीं करने का फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार को नगर पालिका परिषद और विभिन्न संगठनों के लोग जिलाधिकारी से मुलाकात कर DJ पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग करेंगे।

पुलिस ने वायरल दावे का किया खंडन

बलरामपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल उस दावे का खंडन किया है जिसमें छात्रा की मौत को DJ की तेज आवाज से जोड़कर बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, सात वर्षीय छात्रा 21 सितंबर को स्कूल के क्लासरूम में अज्ञात कारणों से बेहोश हुई थी। अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कहा कि DJ की तेज आवाज के कारण मौत होने की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है और वे किसी तरह की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते। घटना की सूचना भी पुलिस को परिजनों की ओर से नहीं दी गई थी। फिलहाल पुलिस स्कूल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button