बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, जंगल में मिला माओवादी डंप; हथियार-गोला बारूद बरामद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवाद विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बेदरे क्षेत्र के ग्राम लंका पहाड़ी के जंगल में सर्चिंग और डिमाइनिंग के दौरान जवानों ने जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए माओवादी डंप का पता लगाया। तलाशी के दौरान बड़ी संख्या में हथियार, जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
सुरक्षा बल इलाके में सघन सर्चिंग और चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान डिमाइनिंग कार्रवाई में जमीन के अंदर छिपे डंप का पता चला। बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने विधिवत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और डंप से जुड़े लोगों की पतासाजी की जा रही है।

डंप से ये हथियार और सामान बरामद
- SLR/LMG रायफल – 01
- INSAS रायफल – 01
- .315 बोर बंदूक – 01
- BGL लॉन्चर – 02
- BGL सेल – 17
- चाइना हैंड ग्रेनेड – 01
- SLR राउंड – 49
- .315 बोर राउंड – 15
- BGL कारतूस – 15
- SLR मैगजीन – 04
- .315 बोर मैगजीन – 01
- अन्य सामग्री एवं उपकरण
सितंबर में कई जगहों से मिले माओवादी डंप
बीजापुर जिले में सितंबर महीने के दौरान सुरक्षा बलों की अलग-अलग कार्रवाई में माओवादियों द्वारा छिपाकर रखे गए कई डंप बरामद किए जा चुके हैं।
भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के आदवाड़ा जंगल से AK-47, .315 बोर हथियार, सिंगल शॉट, पिस्टल समेत जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की गई थी।
फरसेगढ़ थाना क्षेत्र के बड़ेआलवाड़ा जंगल से .315 बोर रायफल, 49 जिंदा राउंड, .303 के 25 जिंदा राउंड और 12 बोर के 49 जिंदा राउंड मिले। इसके अलावा करीब 8 किलो जिलेटिन, वॉकी-टॉकी और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
मिरतुर थाना क्षेत्र के इंडरीपाल जंगल में अलग-अलग स्थानों से 7 बंडल नॉन इलेक्ट्रिकल वायर, डेटोनेटर और ग्रेनेड बरामद हुए।
वहीं भोपालपटनम थाना क्षेत्र के नीलमड़गु जंगल में माओवादी डंप से 12 बोर का देशी कट्टा, एक BGL लॉन्चर, 8 BGL सेल और 12 बोर के 10 जिंदा राउंड समेत अन्य सामग्री बरामद की गई।
सुरक्षा बलों की इन लगातार कार्रवाइयों के बाद बीजापुर के जंगलों में माओवादी गतिविधियों के खिलाफ अभियान जारी है।



